Nainital: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत लालकुआं पुलिस को नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली लालकुआं की बिंदुखत्ता चौकी पुलिस ने रसगुल्ले के प्लास्टिक डिब्बे में छिपाकर ले जाई जा रही 7.35 ग्राम स्मैक बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल एवं क्षेत्राधिकारी लालकुआं अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह राणा के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग, गश्त तथा अपराध रोकथाम अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान 8 जून 2026 को बिंदुखत्ता पुलिस टीम ने गांधीनगर प्रथम टूटी पुलिया जाने वाले मार्ग पर एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान आरोपी हरिशंकर बोरा उर्फ गुड्डू पुत्र शेर सिंह बोरा निवासी गांधीनगर प्रथम, बिंदुखत्ता, लालकुआं के पास मौजूद रसगुल्ले के प्लास्टिक डिब्बे के भीतर रखी पारदर्शी पन्नी से 7.35 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह स्मैक को सुंदर नामक व्यक्ति से 3500 रुपये प्रति ग्राम के हिसाब से खरीदकर लाया था और इसे आसपास के युवाओं को बेचने की योजना थी। पुलिस ने आरोपी के खुलासे के आधार पर सुंदर नामक व्यक्ति के खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट की धारा 29 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस मामले में कोतवाली लालकुआं में एफआईआर संख्या 86/26 के तहत धारा 08/21/29 एनडीपीएस अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी को नियमानुसार न्यायालय में पेश किया जाएगा।
कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक एवं चौकी प्रभारी बिंदुखत्ता गौरव जोशी, कांस्टेबल वीरेन्द्र सिंह, दयाल नाथ, आनंदपुरी तथा खीम सिंह शामिल रहे।

Chief Editor, Aaj Khabar
