Nainital: उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम की शुरुआत के साथ ही सोमवार से नैनीताल जिले में मतदाताओं को घर-घर जाकर गणना फॉर्म वितरित करने का अभियान शुरू हो गया। अभियान की औपचारिक शुरुआत लोकभवन नैनीताल में हुई, जहां निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) ने राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) को गणना फॉर्म उपलब्ध कराया।
अधिकारियों ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत बूथ लेवल अधिकारी (BLO) प्रत्येक मतदाता के घर पहुंचकर गणना फॉर्म वितरित करेंगे और मतदाता विवरणों का सत्यापन व अद्यतन करेंगे। इस अभियान का उद्देश्य निर्वाचन नामावली को अधिक शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है, ताकि सभी पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित किया जा सके।
इस अवसर पर कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, अपर सचिव रीना जोशी, अपर जिलाधिकारी विवेक राय और उपजिलाधिकारी एवं ईआरओ नवाजिश खालिक मौजूद रहे। अभियान के तहत बीएलओ द्वारा कुमाऊं आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत को भी उनके आवास पर गणना फॉर्म उपलब्ध कराया गया और आवश्यक जानकारी दी गई।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ललित मोहन रयाल को भी बीएलओ द्वारा गणना फॉर्म सौंपा गया। उन्होंने जिले के सभी मतदाताओं से इस राष्ट्रीय अभियान में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि बीएलओ को सही जानकारी उपलब्ध कराएं और फॉर्म भरते समय सावधानी बरतें।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिले के सभी 1010 बीएलओ को गणना फॉर्म उपलब्ध करा दिए गए हैं। 8 जून से 7 जुलाई तक बीएलओ घर-घर जाकर फॉर्म वितरित करेंगे और उन्हें BLO ऐप के माध्यम से डिजिटाइज करेंगे। इस अवधि में मतदाताओं से किसी प्रकार का दस्तावेज नहीं लिया जाएगा, केवल नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो उपलब्ध कराना होगा।
उन्होंने बताया कि नौकरी या अन्य कारणों से घर पर उपलब्ध न रहने वाले मतदाता “बुक ए कॉल विद BLO” फीचर का उपयोग कर सकते हैं। मतदाता ECI-Net मोबाइल ऐप या निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के माध्यम से अपने बीएलओ से संपर्क कर सकते हैं। कॉल बुक होने के दो दिनों के भीतर संबंधित बीएलओ मतदाता से संपर्क करेगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 14 जुलाई 2026 को ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे और आपत्तियां दर्ज की जा सकेंगी, जबकि 14 जुलाई से 11 सितंबर तक उनका निस्तारण किया जाएगा। आयोग के निर्देशानुसार 15 सितंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
सोमवार को जिले के सभी बीएलओ ने अपने-अपने क्षेत्रों में मतदाताओं को गणना फॉर्म वितरित करने का कार्य प्रारंभ कर दिया।


Chief Editor, Aaj Khabar
