Nainital: मौसम विभाग की ओर से 7 सितंबर को जनपद नैनीताल में भारी से बहुत भारी वर्षा, आकाशीय बिजली और तीव्र बारिश की चेतावनी को देखते हुए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है।
आदेश के अनुसार, 7 सितंबर 2026 (सोमवार) को नैनीताल जिले के कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय और निजी विद्यालयों के साथ ही सभी आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे। विद्यालयों में कार्यरत प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, शिक्षक एवं कार्यालय स्टाफ के लिए भी अवकाश अनुमन्य रहेगा।
मौसम विभाग ने जिले में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश, गर्जन के साथ आकाशीय बिजली और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना जताई है। लगातार बारिश के कारण नदियों, नालों और गधेरों में जलस्तर बढ़ने तथा संवेदनशील स्थानों पर भूस्खलन की आशंका को देखते हुए यह निर्णय छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के मद्देनजर लिया गया है।
हालांकि, नैनीताल शहर क्षेत्र में संचालित ऐसे आवासीय शैक्षणिक संस्थान, जहां छात्रों के लिए पढ़ाई और आवासीय सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हैं, इस आदेश के दायरे में नहीं आएंगे।
जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षाधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का सभी संबंधित संस्थानों एवं केंद्रों में कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। आदेश का उल्लंघन होने पर संबंधित के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Chief Editor, Aaj Khabar
