Nainital: नैनीताल जिले में 21 जून 2026 को आयोजित होने वाली NEET (UG) 2026 पुनर्परीक्षा को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर जिले के सभी 11 परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है तथा परीक्षा केंद्रों के आसपास विशेष निगरानी रखी जा रही है।
परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा होटल, ढाबों, रेस्टोरेंट्स, संस्थानों और कोचिंग सेंटरों में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान 161 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया, जिनमें से 61 स्थानों पर अनियमितताएं मिलने पर कार्रवाई करते हुए 16,500 रुपये का संयोजन शुल्क वसूला गया।
सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए जिलेभर में वाहन चेकिंग अभियान भी चलाया गया। इस दौरान 332 वाहनों के चालान किए गए, जबकि यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर 11 वाहनों को सीज किया गया। साथ ही दो वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस और आरसी निलंबन की कार्रवाई के लिए प्रेषित किए गए। वाहन चेकिंग के दौरान 66,500 रुपये का संयोजन शुल्क भी जमा कराया गया।
पुलिस द्वारा परीक्षा केंद्रों, बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों, होटल-ढाबों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। नैनीताल पुलिस ने अभ्यर्थियों और अभिभावकों से अफवाहों से बचने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।

Chief Editor, Aaj Khabar
