Headlines

Haldwani: जनसुनवाई में आयुक्त दीपक रावत का एक्शन, मौके पर सुलझाए कई विवाद

Haldwani: जनसुनवाई में आयुक्त दीपक रावत का एक्शन, मौके पर सुलझाए कई विवाद
शेयर करे-

Haldwani: कुमाऊं आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने शनिवार को आयोजित जनसुनवाई में भूमि विवाद, सोलर प्लांट, चिकित्सा लापरवाही, चालान, भूमि कब्जा समेत विभिन्न मामलों की सुनवाई कर कई शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आम जनता की समस्याओं का समाधान चौकी, ब्लॉक और तहसील स्तर पर ही सुनिश्चित किया जाए ताकि लोगों को दूरदराज से जनसुनवाई में न आना पड़े।

जनसुनवाई के दौरान रामनगर निवासी बसंती देवी ने वर्ष 2021 में लगाए गए सोलर प्लांट में अधूरे कार्य और बिजली उत्पादन न होने की शिकायत दर्ज कराई। मामले में कंपनी प्रतिनिधि को तलब कर आपसी सहमति से बसंती देवी को 58 हजार रुपये की धनराशि वापस दिलाई गई।

हल्दूचौड़ की जानकी देवी ने प्लॉट तक जाने वाले मार्ग की चौड़ाई को लेकर शिकायत की। उन्होंने बताया कि मौके पर 28 फीट मार्ग दर्शाया गया था, जबकि रजिस्ट्री में 16 फीट मार्ग अंकित है। आयुक्त ने मामले में पटवारी से रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

हल्द्वानी निवासी हरीश चंद्र ने सुंदरम फाइनेंस द्वारा डंपर जब्त किए जाने का मामला उठाया। जनसुनवाई में दोनों पक्षों के बीच सहमति बनाते हुए समस्या का समाधान कराया गया।

पूर्व जनसुनवाई में दर्ज नत्थू देवी की लापता पुत्री के मामले में भी सकारात्मक परिणाम सामने आया। आयुक्त के निर्देशों के बाद पुलिस ने युवती को सकुशल खोज लिया, जिस पर परिजनों ने आभार व्यक्त किया।

इसके अलावा निजी अस्पताल में उपचार में लापरवाही, कॉलोनी में वायर फेंसिंग, रास्ता अवरुद्ध करने और भूमि संबंधी विवादों से जुड़ी शिकायतों पर भी सुनवाई की गई। आयुक्त ने अधिकांश मामलों का मौके पर समाधान करते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

दीपक रावत ने कहा कि कई मामलों में ऐसी भूमि की बिक्री की जा रही है जिस पर विक्रेता का वास्तविक कब्जा नहीं है, जबकि राजस्व कर्मियों द्वारा बिना स्थलीय सत्यापन के कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने ऐसे मामलों को गंभीर बताते हुए लापरवाही बरतने वाले राजस्व कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश मंडल के सभी जिलाधिकारियों को दिए।

Haldwani

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *