Nainital: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने अपने नैनीताल प्रवास के दौरान मंगलवार को सुप्रसिद्ध आध्यात्मिक स्थल कैंची धाम में पहुंचकर बाबा नीब करौरी महाराज के दर्शन किए। उन्होंने यहां पूजा-अर्चना कर राष्ट्र की सुख, शांति, समृद्धि और जनकल्याण की कामना की।
मंदिर पहुंचने पर प्रबंधन समिति के सदस्यों ने राष्ट्रपति का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) और कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत भी उपस्थित रहे।
राष्ट्रपति मुर्मु ने करीब आधे घंटे तक मंदिर परिसर में समय बिताया और बाबा नीब करौरी महाराज का ध्यान लगाया। मंदिर समिति के प्रबंधक प्रदीप साह भय्यू ने उन्हें बाबा से जुड़ी जानकारी दी। राष्ट्रपति ने मुख्य मंदिर के साथ अन्य मंदिरों में भी पूजा-अर्चना की और देवभूमि उत्तराखंड की आध्यात्मिक परंपरा की सराहना की।

Chief Editor, Aaj Khabar

