New Delhi: जम्मू-कश्मीर के लिडवास क्षेत्र में सोमवार को भारतीय सेना की चिनार कोर ने आतंकवाद विरोधी अभियान ‘ऑपरेशन महादेव’ के तहत बड़ी सफलता हासिल की। श्रीनगर के हरवान इलाके के लिडवास में आतंकियों के साथ हुई मुठभेड़ में सेना ने तीन आतंकवादियों को मार गिराया। मारे गए आतंकियों में पहलगाम हमले का मास्टरमाइंड मूसा भी शामिल है।
सेना ने माइक्रो-ब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि लिडवास के सामान्य क्षेत्र में आतंकियों से संपर्क स्थापित हो गया है और ऑपरेशन अब भी जारी है। बाद में सेना ने पुष्टि की कि मुठभेड़ में तीन आतंकवादी मारे गए हैं।
न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, मुठभेड़ श्रीनगर के दाचीगाम नेशनल पार्क के पास हरवान क्षेत्र में हुई। खुफिया सूचना मिलने के बाद सुरक्षाबलों ने हरवान के मुलनार इलाके में आतंकवाद विरोधी अभियान शुरू किया था। तलाशी अभियान के दौरान गोलियों की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद इलाके में अतिरिक्त बलों की तैनाती कर सर्च ऑपरेशन को तेज कर दिया गया।
सूत्रों के अनुसार मारे गए आतंकियों में मूसा के साथ-साथ यासिर और सुलेमान के भी मारे जाने की पुष्टि हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घेराबंदी किए गए क्षेत्र में दो से तीन आतंकवादी छिपे हुए थे। ऑपरेशन महादेव अभी भी जारी है और सुरक्षाबलों द्वारा पूरे क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
For latest news updates click here
For English news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar


