New Delhi: दिल्ली के नए मुख्यमंत्री के रूप में रेखा गुप्ता के नाम पर मुहर लग गई है। बुधवार को भाजपा विधायक दल की बैठक में उन्हें नेता चुना गया। वह 20 फरवरी को सुबह 11 बजे रामलीला मैदान में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगी। उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना दोपहर 12:35 बजे उन्हें और उनके मंत्रिमंडल को शपथ दिलाएंगे।
भाजपा विधायक दल की बैठक में हुआ चयन
दिल्ली भाजपा के नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक में सर्वसम्मति से रेखा गुप्ता को विधायक दल का नेता चुना गया। बैठक में केंद्रीय नेतृत्व की ओर से भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद और ओपी धनखड़ पर्यवेक्षक के रूप में मौजूद रहे।
रेखा गुप्ता कौन हैं?
रेखा गुप्ता शालीमार बाग विधानसभा सीट से विधायक हैं। वर्तमान में वे दिल्ली भाजपा की महासचिव और भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी हैं। उनका जन्म 1974 में हरियाणा के जींद जिले के नंदगढ़ गांव में हुआ था। उनके पिता भारतीय स्टेट बैंक (SBI) में अधिकारी थे।
शपथ ग्रहण समारोह में ये हस्तियां हो सकती हैं शामिल
शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित भाजपा-एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के शामिल होने की संभावना है। सुरक्षा के लिए एसपीजी, अर्द्धसैनिक बल और दिल्ली पुलिस का बहुस्तरीय सुरक्षा घेरा तैनात किया जाएगा।
इसके अलावा, बॉलीवुड की कई हस्तियां और साधु-संतों को भी न्योता दिया गया है। समारोह को भव्य बनाने के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं।
For latest news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
