Headlines

Ramnagar: रामनगर में कार सवार युवक पर जानलेवा हमला, ईंट पत्थरों से ताबड़तोड़ वार कर किया गंभीर घायल

Ramnagar: रामनगर में कार सवार युवक पर जानलेवा हमला, ईंट पत्थरों से ताबड़तोड़ वार कर किया गंभीर घायल
शेयर करे-

॰ पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए, सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ हमलावरों की पहचान में जुटी जांच टीम

Ramnagar: रामनगर में गुरुवार तड़के बालाजी मंदिर के पास कार सवार युवक पर अज्ञात हमलावरों ने कथित तौर पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में टेड़ा रोड लखनपुर निवासी गोपाल सिंह अधिकारी उर्फ गोपू गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका उपचार काशीपुर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।

घटना सुबह करीब चार बजे की बताई जा रही है। गोपू अधिकारी अपनी वॉक्सवैगन वेंटो कार संख्या UK06 AW 7879 से बालाजी मंदिर के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान अज्ञात लोगों ने कथित तौर पर उनकी कार को घेर लिया और ईंट तथा पत्थरों से हमला कर दिया। हमले में उनके सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।

घटना के बाद मौके पर पहुंचे लोगों को कार के शीशे टूटे और वाहन क्षतिग्रस्त मिले। कार के अंदर और बाहर खून के निशान भी दिखाई दिए। मौके से खून से सने पत्थर और ईंटें बरामद हुईं, जिन्हें पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।

सूचना मिलते ही रामनगर कोतवाल सुशील कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। साथ ही फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

घायल गोपू अधिकारी को पहले रामनगर के निजी अस्पताल ले जाया गया था। हालत गंभीर होने पर उन्हें काशीपुर के हायर सेंटर रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना से पहले लखनपुर चुंगी के पास गोपू अधिकारी की कुछ युवकों से बहस हुई थी। इसके बाद बालाजी मंदिर के समीप हमला किए जाने की बात सामने आ रही है। हालांकि पुलिस ने अभी इस दावे की पुष्टि नहीं की है। कुछ लोगों ने फायरिंग की बात भी कही है, लेकिन पुलिस की ओर से इसकी पुष्टि नहीं की गई है।

कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया है। परिजनों की तहरीर मिलने के बाद आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और हमले में शामिल आरोपियों की जल्द पहचान कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *