Nainital: निर्माण एवं सृजन के देवता भगवान विश्वकर्मा की जयंती के अवसर पर नैनीताल पुलिस ने गुरुवार को श्रद्धा और विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की। पुलिस लाइन नैनीताल में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टीसी की मौजूदगी में शस्त्रागार, संचार शाखा और परिवहन शाखा में शस्त्रों, औजारों, मशीनों एवं विभिन्न उपकरणों का पूजन किया गया।
पूजन कार्यक्रम में एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी, एसपी ऑफिस/संचार रेवाधर मठपाल, क्षेत्राधिकारी नैनीताल अंजना नेगी, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह, आरआई संचार राजकुमार बिष्ट, एसआई एमटी दलजीत मर्तोलिया, आर्मोरर मंगल सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। अधिकारियों और कर्मचारियों ने भगवान विश्वकर्मा के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर पूजा-अर्चना की। इसके बाद पुलिसकर्मियों को प्रसाद और मिष्ठान वितरित कर शुभकामनाएं दी गईं।
एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा की जयंती कार्य के प्रति निष्ठा, कौशल, अनुशासन, समर्पण और सृजनशीलता की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि पुलिस बल के लिए शस्त्र और उपकरण जनसेवा एवं सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाने के महत्वपूर्ण माध्यम हैं। इनका सुरक्षित और जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग प्रत्येक पुलिसकर्मी के कर्तव्य का अहम हिस्सा है।
उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को विश्वकर्मा जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कर्तव्य के प्रति पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने का संदेश दिया।
जिले के सभी थानों और पुलिस इकाइयों में भी हुआ पूजन
विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर कोतवाली हल्द्वानी में एसपी सिटी मनोज कत्याल और प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता सहित जिले के सभी थानों, चौकियों और पुलिस शाखाओं में भी पूजा-अर्चना की गई। पुलिस इकाइयों के शस्त्रागार, वर्कशॉप और अन्य कार्यस्थलों में शस्त्रों, औजारों, मशीनों एवं उपकरणों का विधिवत पूजन कर उनकी सुरक्षा और सुचारु संचालन की कामना की गई।

Chief Editor, Aaj Khabar
