Headlines

Rudrapur: शातिर महिला ठग दुल्हन के भेष में गिरफ्तार, कई राज्यों में थे आपराधिक मामले

Rudrapur: शातिर महिला ठग दुल्हन के भेष में गिरफ्तार, कई राज्यों में थे आपराधिक मामले
शेयर करे-

Rudrapur: उधम सिंह नगर पुलिस ने एक शातिर महिला ठग को गिरफ्तार किया है, जो कभी दुल्हन बनकर, कभी बिजनेसमैन के तौर पर, तो कभी ब्रांड एंबेसडर बनकर लोगों को ठगने का काम करती थी। काशीपुर निवासी हिना रावत नामक इस महिला के खिलाफ उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कई थानों में गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस ने इस महिला को उस समय गिरफ्तार किया, जब यह दुल्हन के वेश में थी। गिरफ्तारी के वक्त महिला के हाथों में चूड़ा और मेहंदी, माथे पर सिंदूर लगा हुआ था, जिससे उसकी असलियत पर कोई आसानी से शक नहीं कर सकता था। उधम सिंह नगर पुलिस ने बड़े स्तर पर कार्रवाई कर इस महिला और उसके पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया है।

एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि हिना रावत लंबे समय से अलग-अलग पहचान अपनाकर ठगी कर रही थी। इसके खिलाफ कई गंभीर आरोप दर्ज हैं। पुलिस की कार्रवाई उस वक्त तेज हुई जब रुद्रपुर निवासी दीपक कक्कड़ ने महिला के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।

दीपक कक्कड़ ने पुलिस को बताया कि महिला ने खुद को हाईकोर्ट की वकील बताकर उनसे मुलाकात की। बातचीत के दौरान महिला ने दीपक को प्रेमजाल में फंसा लिया और करीब पांच लाख रुपये हड़प लिए। बाद में उसने दबाव बनाकर दीपक से शादी भी कर ली और उसके घर में रहने लगी। घर में रहते हुए महिला ने पूरे परिवार को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। वह लगातार पैसे की मांग करती और आत्महत्या कर परिवार को फंसाने की धमकी देती रही।

पुलिस जांच में सामने आया कि दीपक द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर महिला की असल पहचान उजागर हुई। पुलिस ने रुद्रपुर कोतवाली में तत्काल मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी। गिरफ्तारी के दौरान महिला के पास से 50,000 रुपये नकद और फर्जी आधार कार्ड बरामद किया गया।

पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि महिला विदेश भागने की फिराक में थी और इसके लिए उसे 30 लाख रुपये की आवश्यकता थी। इसी योजना के तहत उसने दीपक को झूठे प्रेमजाल में फंसाया और पैसे की मांग करने लगी। जब वह दीपक से फिरौती के रूप में 50,000 रुपये वसूल रही थी, तभी पुलिस ने उसे दबोच लिया।

जांच में यह भी सामने आया कि महिला कभी अपना नाम हिना रावत, कभी निकिता और कभी अंकिता बताकर लोगों को ठगती रही है। पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है ताकि गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की भी गिरफ्तारी हो सके।

https://twitter.com/udhamsnagarpol/status/1931301664780378163?s=46

For latest news updates click here

For English news updates click here 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *