Nainital: मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को लालकुआं, नैनीताल में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में नैनीताल जनपद के लिए ₹126.69 करोड़ लागत की 27 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में शिक्षा, सड़क, चिकित्सा, सिंचाई, सीवरेज, नगर विकास, सौंदर्यीकरण तथा निराश्रित गौवंश संरक्षण से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं। कार्यक्रम के दौरान ₹25.93 करोड़ की लागत से 9 योजनाओं का लोकार्पण एवं ₹100.76 करोड़ की लागत से 18 योजनाओं का शिलान्यास संपन्न हुआ।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि ये परियोजनाएं क्षेत्र की आधारभूत संरचना को सशक्त बनाएंगी और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करेंगी। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हो रहे व्यापक विकास कार्यों की सराहना करते हुए भारत की बदलती वैश्विक पहचान का उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’, धारा-370 की समाप्ति और कश्मीर में रेल ब्रिज के निर्माण को देश की बढ़ती शक्ति और संकल्प का प्रतीक बताया।
उन्होंने कहा कि नैनीताल जनपद को आदर्श जिला बनाने के लिए मानसिक चिकित्सालय, कैंसर संस्थान, आयुष अस्पताल, ओपन जिम, आंबेडकर पार्क, रिंग रोड, बाईपास रोड, एस्ट्रो पार्क, पोलिनेटर पार्क एवं खेल विश्वविद्यालय जैसी परियोजनाएं तेज़ी से क्रियान्वित की जा रही हैं। हल्द्वानी को ‘क्लीन एंड ग्रीन सिटी’ के रूप में विकसित करने हेतु वेस्ट मैनेजमेंट एवं सीवरेज प्रबंधन योजनाओं की शुरुआत की गई है, जबकि जाम की समस्या के समाधान के लिए मल्टी-स्टोरी पार्किंग का निर्माण हो रहा है। उन्होंने कहा कि जमरानी बहुउद्देश्यीय बांध परियोजना और खुरपिया में इंडस्ट्रियल स्मार्ट सिटी के प्रयास तराई क्षेत्र को दीर्घकालिक लाभ प्रदान करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विकास के साथ-साथ सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक समरसता की रक्षा के लिए भी संकल्पबद्ध है। उन्होंने धर्मांतरण, लव जिहाद और लैंड जिहाद के विरुद्ध कड़े कदम उठाए जाने का उल्लेख किया। उत्तराखंड देश का पहला राज्य है जहां समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू की गई है। इसके अलावा, राज्य में देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून भी लागू है। गौवंश संरक्षण हेतु प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने भ्रष्टाचार के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति की चर्चा करते हुए कहा कि पिछले तीन वर्षों में 200 से अधिक भ्रष्टाचारियों को जेल भेजा गया है। उन्होंने जनता से उत्तराखंड को देश का अग्रणी राज्य बनाने की विकास यात्रा में सहभागी बनने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया, जिनमें ओखलकांडा में क्षतिग्रस्त 11 नहरों का पुनर्निर्माण, भीमताल में जिला आयुर्वेदिक भवन, रामगढ़ में मल्ला सूफी-रूसानी-दीगड़-कफूवा लोधिया मोटर मार्ग, बेतालघाट में मल्ली सेठी लिफ्ट सिंचाई योजना, हल्द्वानी में पशु चिकित्सालय में पार्किंग और ओटी निर्माण, कालाढूंगी में पशु चिकित्सालय भवन, गंगापुर कबडवाल में गौशाला (फेज-1), रामनगर में राजकीय पॉलीटेक्निक भवन तथा पाण्डे नवाड़ हल्द्वानी में पुनर्वास केंद्र का जीर्णोद्धार कार्य शामिल है।
इसके अतिरिक्त जिन परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया, उनमें इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में बाढ़ सुरक्षा कार्य, फतेहपुर, कमलुवागांजा, गुनीपुर, पनियाली और बच्चीनगर में क्षतिग्रस्त नहरों का निर्माण, कोटाबाग में पॉलीटेक्निक भवन, रामपुर चकलुवा में नलकूप निर्माण, कैंची धाम परिसर का विकास, भवाली में पर्यटक आवास गृह की मरम्मत, नैनीताल में पर्यटन कार्यालय भवन, ग्रामीण मोटर मार्गों का पुनर्निर्माण, झीड़ापानी वाटरफॉल का विकास, विभिन्न स्थानों पर नलकूप निर्माण, हल्द्वानी में सीवरेज योजनाएं, लालकुआं में गौशाला (फेज-2) और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज हल्द्वानी में पुस्तकालय का पुनरुद्धार कार्य शामिल हैं।
इस अवसर पर सांसद श्री अजय भट्ट, विधायक श्री बंशीधर भगत, श्री मोहन सिंह बिष्ट, श्री रामसिंह कैड़ा, मेयर श्री गजराज बिष्ट, दर्जा मंत्री श्री अनिल कपूर डब्बू, रेनू अधिकारी, श्री दिनेश आर्य, श्री दीपक मेहरा, श्री सुरेश भट्ट, श्री शंकर कोरंगा, जिलाध्यक्ष श्री प्रताप बिष्ट, पान सिंह मेवाड़ी, श्री रंजन बर्गली, श्री कमलेश कबडवाल, पूर्व विधायक नवीन दुम्का सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनता मौजूद रही। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री कार्यालय के आयुक्त/सचिव श्री दीपक रावत, डीआईजी रिद्धिम अग्रवाल, जिलाधिकारी वंदना सिंह, एसएसपी श्री पीएन मीणा, अपर जिलाधिकारी श्री विवेक रॉय और नगर आयुक्त श्रीमती ऋचा सिंह भी उपस्थित रहीं।
लालकुआं में आयोजित कार्यक्रम में जनपद नैनीताल के विकास को गति देने के उद्देश्य से ₹126.69 करोड़ लागत की 27 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। आज जिन विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया है, वे जनपद नैनीताल की आधारभूत संरचना को नया आकार देंगी। pic.twitter.com/VlggsuhlDt
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) June 7, 2025
For latest news updates click here
For English news updates click here

Chief Editor, Aaj Khabar
