Headlines

Haldwani: शादी में जाने से पहले पुलिस को दें सूचना,मुखानी क्षेत्र में बढ़ती चोरियों पर अलर्ट जारी

Haldwani: शादी में जाने से पहले पुलिस को दें सूचना,मुखानी क्षेत्र में बढ़ती चोरियों पर अलर्ट जारी
शेयर करे-

Haldwani: मुखानी क्षेत्र में पिछले चार माह के भीतर चोरी की छह से अधिक घटनाएं पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज हो चुकी हैं। इन घटनाओं में एक समानता यह पाई गई कि सभी पीड़ित परिवार शादी समारोह में शामिल होने के लिए घर से बाहर थे। इस प्रवृत्ति को देखते हुए मुखानी पुलिस अब क्षेत्रवासियों को सतर्क करने में जुट गई है।

पुलिस ने लोगों को जागरूक करने के लिए पर्चे वितरित करने शुरू कर दिए हैं। इन पर्चों में अपील की गई है कि यदि कोई परिवार शादी या अन्य किसी समारोह में शामिल होने के लिए घर छोड़ता है, तो इसकी जानकारी पुलिस को अवश्य दे। इससे संबंधित क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाई जा सकेगी और निगरानी को और सघन किया जा सकेगा।

पुलिस के अनुसार, जनवरी से मई माह के बीच छह से अधिक चोरी की वारदातें हुईं। विशेष रूप से मार्च के बाद इन घटनाओं में वृद्धि देखी गई। हालांकि इनमें से कुछ मामलों का ही खुलासा हो पाया है।15 मार्च को फौजी मनोज पाठक के घर से लाखों रुपये के जेवर चोरी हुए थे, जिसका अब तक पर्दाफाश नहीं हो सका है।

सभी घटनाओं में यह समानता देखी गई कि घरों से केवल जेवरात ही चोरी हुए और घटना के समय गृहस्वामी शादी में गए हुए थे। इसे देखते हुए पुलिस अब सक्रियता बढ़ाते हुए लोगों को सुरक्षा उपायों की जानकारी दे रही है।

थाना प्रभारी मुखानी दिनेश जोशी ने बताया कि पम्पलेट के माध्यम से और थाने में आने वाले नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है। साथ ही, यदि कोई परिवार बाहर जाता है तो पुलिस को जानकारी देने पर उस क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जाएगी और स्थानीय सीसीटीवी फुटेज भी रिकॉर्ड में लिया जाएगा।

पुलिस की इस पहल का उद्देश्य है कि क्षेत्र में चोरी की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

For latest news updates click here

For English news updates click here

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *