Headlines

Rudrapur: रुद्रपुर में होटल के पास संदिग्ध हालात में मिला व्यक्ति का शव, सिर पर चोट के निशान से बढ़ा मौत का रहस्य

Rudrapur: रुद्रपुर में होटल के पास संदिग्ध हालात में मिला व्यक्ति का शव, सिर पर चोट के निशान से बढ़ा मौत का रहस्य
शेयर करे-

Rudrapur: उधम सिंह नगर जिला मुख्यालय रुद्रपुर में होटल के पास एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में सड़क किनारे मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही ट्रांजिट कैंप थाना पुलिस, वरिष्ठ अधिकारी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार सुबह करीब 10 बजे ग्रीन प्लाई कंपनी के सामने एक व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू की। मृतक की पहचान 47 वर्षीय संजीव कुमार पुत्र कैलाश चंद्र निवासी दोड़ापुर, जनपद मैनपुरी (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। उसके पास से मोबाइल फोन, आधार कार्ड और कुछ नकदी बरामद हुई, जिसके आधार पर पहचान की गई।

ट्रांजिट कैंप थाने के उपनिरीक्षक हिरदेश परिहार ने बताया कि मृतक के सिर पर चोट के निशान मिले हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि चोट किसी सड़क हादसे में लगी या फिर किसी आपराधिक घटना का परिणाम है। उन्होंने कहा कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना देकर रुद्रपुर बुला लिया है। ट्रांजिट कैंप कोतवाली प्रभारी निरीक्षक धर्मवीर सोलंकी ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही स्थानीय दुकानदारों और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि संजीव कुमार घटनास्थल तक कैसे पहुंचे और उन्हें आखिरी बार किसके साथ देखा गया था।

सीओ सिटी विभव सैनी ने बताया कि पुलिस हत्या, सड़क दुर्घटना या अन्य किसी कारण से हुई मौत समेत सभी संभावनाओं को ध्यान में रखकर निष्पक्ष और गहन जांच कर रही है। फोरेंसिक रिपोर्ट और पोस्टमार्टम के निष्कर्ष मिलने के बाद ही मौत की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *