Headlines

अतिक्रमणः सड़क पर उतरे व्यापारी, संयुक्त संघर्ष समिति ने हल्द्वानी में निकाला जुलूस,कहा- किसी भी सूरत में दुकानों को नहीं टूटने देंगे।

अतिक्रमणः सड़क पर उतरे व्यापारी, संयुक्त संघर्ष समिति ने हल्द्वानी में निकाला जुलूस,कहा- किसी भी सूरत में दुकानों को नहीं टूटने देंगे।
शेयर करे-

हल्द्वानी। सड़क चौड़ीकरण के विरोध में संघर्ष समिति के बैनरतले व्यापारी सड़क पर उतर आए हैं। आक्रोशित व्यापारियों ने शुक्रवार को जुलूस निकाल प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। चेताया कि दुकानों को किसी भी सूरत में टूटने नहीं दिया जाएगा। वहीं मीडिया के माध्यम से व्यापारियों ने शनिवार से धरने में बैठने का ऐलान किया है। दरअसल, प्रशासन इन दिनों सड़कों और चौराहों के चौड़ीकरण की कवायद में जुटा हुआ है। प्रशासन का कहना है कि सड़कों और चौराहों के संकरे होने से जाम की समस्या उत्पन्न हो रही है। इनके चौड़े होने से शहर अपने स्वरूप में आ जाएगा। इस पर काम भी शुरू हो चला है। इसके तहत सड़क के मध्य से 12 मीटर की परिधी को टारगेट कर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है। इस क्षेत्र में अब तक कई अतिक्रमणों को प्रशासन और नगर निगम ध्वस्त कर चुका है। दिन में आम जनता को किसी प्रकार की परेशान न हो, इसे देखते हुए यह अभियान रात में चलाया जा रहा है। कई अतिक्रमण ध्वस्त करने के बाद निगम प्रशासन ने मंगल पड़ाव से रोडवेज तक करीब 65 भवन स्वामियों को नोटिस जारी किए हैं। इन्हें 15 जनवरी तक स्वयं ही अतिक्रमण ध्वस्त करने का अल्टीमेटम दिया गया है। जिसका व्यापारी विरोध कर रहे हैं। इसके लिए संयुक्त व्यापारी संघर्ष समिति बनाई गई है। इस क्रम में व्यापारी शुक्रवार को हिन्दू धर्मशाला में एकत्रित हुए। जहां से वह काले झंडों के साथ जुलूस की शक्ल में नगर निगम कार्यालय परिसर पहुंचे। जहां उन्होंने नारेबाजी के बीच आक्रोश जताया। आरोप लगाया कि व्यापारियों का उत्पीड़न किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा कि चौड़ीकरण के नाम पर प्रतिष्ठानों को ध्वस्त किया जा रहा है। ऐसे में व्यापारियों के समक्ष आर-पार की लड़ाई लड़ने के अलावा कोई दूसरा रास्ता नहीं बच गया है। कहा कि फिलहाल प्रथम चरण में सांकेतिक जुलूस निकाल कर आंदोलन का आगाज किया जा रहा है। यदि इसके बाद कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को वृहद रूप दिया जाएगा। इससे पहले व्यापारियों ने शनिवार को धरने का ऐलान किया है। यहां पत्रकारों से मुखातिब होते हुए संयुक्त व्यापारी संघर्ष समिति ने आंदोलन की रूपरेखा बताई। कहा कि ध्वस्तीकरण की कार्रवाई से व्यापारियों के समक्ष रोजगार छीनने की समस्या खड़ी हो गई है। ऐसे में अब सभी व्यापारी 14 जनवरी को अपनी दुकानें सम्पूर्ण रूप से बंद कर दुकानें के बाहर धरने पर बैठे रहेंगे। प्रेस वार्ता के बाद सभी व्यापारी काले झंडे लेकर बाजार में जुलूस निकालने के लिये निकले। इस दौरान प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष विपिन गुप्ता, महामंत्री हर्षवर्द्धन पांडे, महानगर अध्यक्ष योगेश शर्मा, महामंत्री मनोज जायसवाल, प्रचार मंत्री संदीप सक्सेना, देव भूमि व्यापार एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष दलजीत सिंह, जिला अध्यक्ष मुकेश डिंगड़ा आदि मौजूद रहे।

अतिक्रमणः सड़क पर उतरे व्यापारी, संयुक्त संघर्ष समिति ने हल्द्वानी में निकाला जुलूस,कहा- किसी भी सूरत में दुकानों को नहीं टूटने देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *