Headlines

Agra: एनयूजे राष्ट्रीय सम्मेलन में डिप्टी सीएम का संबोधन, निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता पर दिया जोर

Agra: एनयूजे राष्ट्रीय सम्मेलन में डिप्टी सीएम का संबोधन, निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता पर दिया जोर
शेयर करे-

Agra: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र की प्राणवायु है और लोकतंत्र को सशक्त एवं जीवंत बनाए रखने में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के सभी स्तंभों को निष्पक्षता और स्वतंत्रता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना चाहिए।

आगरा में आयोजित नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (एनयूजे) के राष्ट्रीय सम्मेलन को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि पत्रकारिता केवल एक पेशा नहीं, बल्कि राष्ट्र और समाज के प्रति उत्तरदायित्व निभाने का सशक्त माध्यम है। पत्रकार समाज को जागरूक करने, जनभावनाओं को अभिव्यक्ति देने और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने कहा कि मीडिया की कलम में अपार शक्ति होती है। पत्रकार सरकार की कमियों को उजागर करने के साथ-साथ जनहित में किए गए अच्छे कार्यों को भी जनता तक पहुंचाने का काम करते हैं। मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से विश्व की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो रहा है और ‘वन नेशन-वन इलेक्शन’ जैसी पहलें विकास को गति देने में सहायक साबित होंगी।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि ऊर्जा संकट और वैश्विक चुनौतियों के बावजूद भारत आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। रक्षा उत्पादन, ऊर्जा सुरक्षा और तकनीकी विकास के क्षेत्र में देश ने उल्लेखनीय प्रगति की है, जिससे रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं और अर्थव्यवस्था मजबूत हो रही है।

उन्होंने सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म के बढ़ते प्रभाव का उल्लेख करते हुए कहा कि अभिव्यक्ति के नए अवसरों के साथ जिम्मेदारियां भी बढ़ी हैं। पत्रकारिता को तथ्यों, निष्पक्षता और राष्ट्रहित के मूल्यों के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि उत्तर प्रदेश सरकार पत्रकारों से जुड़े मुद्दों के समाधान के प्रति संवेदनशील है।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण भी किया। सम्मेलन में देशभर से आए पत्रकारों और संगठन पदाधिकारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री ने विभिन्न राज्यों से आए वरिष्ठ पत्रकारों को अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित भी किया।

Agra

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *