Headlines

Dehradun: उत्तराखंड में 8 जून से विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान शुरू, BLO घर-घर पहुंचाकर भरवाएंगे गणना फॉर्म

Dehradun: उत्तराखंड में 8 जून से विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान शुरू, BLO घर-घर पहुंचाकर भरवाएंगे गणना फॉर्म
शेयर करे-

Dehradun: उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के तहत 8 जून से प्रदेशभर में मतदाताओं को गणना फॉर्म वितरित करने का अभियान शुरू किया जाएगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने सभी मतदाताओं से बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) को सहयोग करने की अपील की है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि राज्य के सभी 11,733 BLO को गणना फॉर्म उपलब्ध करा दिए गए हैं। अभियान के तहत BLO घर-घर जाकर मतदाताओं को फॉर्म वितरित करेंगे तथा 7 जुलाई तक फॉर्म एकत्र कर BLO ऐप के माध्यम से उनका डिजिटलीकरण करेंगे।

उन्होंने बताया कि जो मतदाता नौकरी या अन्य कारणों से दिन में घर पर उपलब्ध नहीं रहते, वे “बुक ए कॉल विद BLO” सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। इसके लिए मतदाता ECI-Net मोबाइल ऐप या निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर जाकर कॉल बुक कर सकते हैं। कॉल बुक होने के दो दिनों के भीतर संबंधित BLO मतदाता से संपर्क करेगा।

यदि किसी मतदाता से घर पर संपर्क नहीं हो पाता है तो BLO तीन बार उसके पते पर जाएगा। साथ ही घर पर स्टिकर लगाकर अगली विजिट की तिथि और अपना मोबाइल नंबर भी दर्ज करेगा, जिससे मतदाता सुविधानुसार संपर्क कर फॉर्म भरवा सके।

निर्वाचन विभाग ने मतदाताओं से नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो तैयार रखने की अपील की है। 8 जून से 7 जुलाई तक होने वाले घर-घर सर्वेक्षण के दौरान मतदाताओं से किसी प्रकार का दस्तावेज नहीं लिया जाएगा। केवल गणना फॉर्म और पासपोर्ट साइज फोटो उपलब्ध करानी होगी।

कार्यक्रम के तहत 14 जुलाई 2026 को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे और आपत्तियां दर्ज की जा सकेंगी। दावों एवं आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया 11 सितंबर तक चलेगी, जबकि अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 15 सितंबर 2026 को किया जाएगा।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाता स्वयं भी ECI-Net ऐप के माध्यम से गणना फॉर्म डाउनलोड कर भर सकते हैं और उसे ऑनलाइन अपलोड कर सकते हैं। वहीं, नए पात्र मतदाता अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए BLO से संपर्क कर फॉर्म-6 भी भर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *