Rishikesh: ऋषिकेश के लक्ष्मणझूला क्षेत्र में स्थित गोवा बीच पर रविवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया, जब दिल्ली–नोएडा से आए तीन दोस्तों में से दो युवक गंगा के तेज बहाव में बहने लगे। राफ्ट पर मौजूद गाइड ने साहस दिखाते हुए एक युवक को बचा लिया, लेकिन दूसरा युवक धारा में बहकर लापता हो गया।
जानकारी के अनुसार, तीनों युवक दोपहर करीब 3:15 बजे गोवा बीच पर नहा रहे थे, तभी अचानक दो युवक पैर फिसलने के बाद गहरे पानी में चले गए। उसी समय वहां से गुजर रही राफ्ट के गाइड ने डूबते युवकों को देखा और तुरंत अपनी नाव मोड़कर एक युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
लापता युवक की पहचान 24 वर्षीय पिंटू शर्मा पुत्र विजयपाल शर्मा, निवासी सोरखा सेक्टर-115 नोएडा के रूप में हुई है। उसके साथ अक्षय (18) और अभिषेक शर्मा (18) मौजूद थे।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और गंगा में व्यापक सर्च अभियान शुरू किया। देर शाम तक लगातार तलाश अभियान जारी रहा, लेकिन युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

Chief Editor, Aaj Khabar
