देहरादून। उत्तराखंड पुलिस महकमे में एक बार फिर सख्त प्रशासनिक रुख देखने को मिला है। एसएसपी अजय सिंह ने भ्रष्टाचार और जनहित से जुड़े मामले में कड़ा कदम उठाते हुए पटेलनगर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर हरिओम राज चौहान को तत्काल प्रभाव से पद से हटा दिया है। अब उन्हें एसएसपी कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया है।
यह कार्रवाई बुधवार को आईएसबीटी चौकी प्रभारी देवेश खुगशाल को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए विजिलेंस टीम द्वारा रंगे हाथों गिरफ्तार किए जाने के बाद की गई है। गिरफ्तारी के बाद देवेश को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि जांच प्रक्रिया जारी है और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए हरिओम राज चौहान को हटाया गया है। उन्होंने दोहराया कि पुलिस विभाग में भ्रष्टाचार को किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Chief Editor, Aaj Khabar

