Udham singh nagar: पुलभट्टा क्षेत्र में पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी के बड़े रैकेट का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान टीम ने 434.738 किलोग्राम गांजा बरामद कर तस्कर राजू को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी राजू लखीमपुर खीरी जिले के फरधान थाना क्षेत्र के ग्राम बेलवा का रहने वाला है। पूछताछ में उसने बताया कि वह झारखंड से यह गांजा लेकर आया था और इसे बाजपुर में डिलीवर करने वाला था। एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने जानकारी दी कि आरोपी ने यह गांजा सुरेश गुप्ता नामक व्यक्ति के कहने पर लाया था, जो इस तस्करी रैकेट का मास्टरमाइंड है।
बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। पुलिस और एसटीएफ की टीम आरोपी से गहन पूछताछ कर उसके आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है।
गौरतलब है कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि भारी मात्रा में गांजा एक कंटेनर में छिपाकर लाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस और एसटीएफ की टीम ने पुलभट्टा क्षेत्र में नाकाबंदी कर कंटेनर को पकड़ लिया। जांच के दौरान कंटेनर से बड़े-बड़े पैकेट्स में छिपाया गया गांजा बरामद हुआ।
फिलहाल पुलिस सुरेश गुप्ता की तलाश में दबिश दे रही है। बताया जा रहा है कि सुरेश गुप्ता का नेटवर्क उत्तराखंड, झारखंड और उत्तर प्रदेश में सक्रिय है। एसएसपी मिश्रा ने बताया कि यह कार्रवाई नशा तस्करी के खिलाफ चल रही मुहिम का हिस्सा है।
इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की तत्परता और कार्रवाई की सराहना की है, साथ ही नशे की बढ़ती समस्या को लेकर चिंता जाहिर की है। पुलिस ने बरामद गांजा जब्त कर आगे की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन ने तस्करी के नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए अभियान तेज कर दिया है।

Chief Editor, Aaj Khabar
