Almora: अल्मोड़ा जिले के भतरोंजखान थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। हादसा रापड़ मोड़ से सोनी रानीखेत मार्ग पर हुआ, जहां एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।
पुलिस के अनुसार बुधवार तड़के करीब चार बजे डायल 112 पर सूचना मिली कि भाटिया-भिकियासैंण मार्ग के पास वाहन संख्या यूके 04एफ6683 की नंबर प्लेट सड़क पर पड़ी हुई है। आसपास वाहन दिखाई नहीं देने पर वाहन के खाई में गिरने की आशंका जताई गई।
सूचना मिलते ही थाना भतरोंजखान पुलिस, 108 सेवा, एसडीआरएफ, आपदा कंट्रोल, राजस्व विभाग और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाया गया, जिसमें वाहन सड़क से करीब 150 मीटर नीचे गहरी खाई में गिरा मिला।
रेस्क्यू टीम ने कार में सवार तीनों लोगों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। मृतकों की पहचान भुवन पुत्र दीवान राम निवासी ग्राम सनेटी तहसील रानीखेत और कैलाश चंद्र पुत्र बहादुर राम निवासी ग्राम दौड़ाखाल तहसील रानीखेत, उम्र 32 वर्ष के रूप में हुई है। तीसरे मृतक की पहचान के प्रयास जारी हैं।
जानकारी के अनुसार तीनों व्यक्ति जागरी का कार्य करते थे और मंगलवार रात ग्राम चमोली पुसैला में आयोजित जागर कार्यक्रम से लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में वाहन अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर मोर्चरी रानीखेत भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Chief Editor, Aaj Khabar
