Uttarakhand: उत्तराखंड के सभी पुलिस थानों को सोशल मीडिया पर बम विस्फोट की धमकी देकर दहशत फैलाने वाले आरोपी को देहरादून पुलिस ने हरियाणा के अंबाला से गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी देहरादून के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने तकनीकी जांच, साइबर विश्लेषण और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर 26 वर्षीय जसप्रीत सिंह को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से धमकी भरे पोस्ट प्रसारित करने में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार 23 जून 2026 को सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर उत्तराखंड के सभी पुलिस थानों में बम विस्फोट की धमकी से जुड़ी पोस्ट वायरल हुई थी, जिससे आमजन में भय और दहशत का माहौल बन गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली नगर थाने में बीएनएस की धारा 351(3), 353 और आईटी एक्ट की धारा 66एफ के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, डिजिटल फुटप्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की गहन जांच की। तकनीकी निगरानी के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे हरियाणा के अंबाला से गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि चमोली जिले के कर्णप्रयाग क्षेत्र में स्थानीय युवकों और सिख समुदाय के बीच हुए विवाद तथा उसके बाद हुई पुलिस कार्रवाई से नाराज होकर उसने सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो देखने के बाद लोगों में भय फैलाने और उत्तराखंड पुलिस को चुनौती देने के उद्देश्य से अपनी इंस्टाग्राम आईडी से सभी पुलिस थानों में बम विस्फोट की धमकी संबंधी टिप्पणी पोस्ट की थी।
पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन जब्त कर अन्य डिजिटल साक्ष्यों की फोरेंसिक जांच शुरू कर दी है। देहरादून पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की अपील करते हुए चेतावनी दी है कि भ्रामक, धमकीपूर्ण या दहशत फैलाने वाली पोस्ट करना गंभीर दंडनीय अपराध है और ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Chief Editor, Aaj Khabar
