Headlines

Uttarakhand: उत्तराखंड विधानसभा का बजट सत्र आज से, पहली बार ई-विधानसभा में होगी कार्यवाही

Uttarakhand: उत्तराखंड विधानसभा का बजट सत्र आज से, पहली बार ई-विधानसभा में होगी कार्यवाही
शेयर करे-

Uttarakhand: उत्तराखंड विधानसभा का बजट सत्र आज मंगलवार से राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) के अभिभाषण के साथ शुरू होगा। कार्यमंत्रणा समिति की बैठक में 18 से 20 फरवरी तक सदन संचालन के लिए एजेंडा तय किया गया है। 20 फरवरी को प्रदेश सरकार वित्तीय वर्ष 2025-26 का आम बजट पेश करेगी, जिसे वित्त मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल दोपहर 12:30 बजे सदन में प्रस्तुत करेंगे। अनुमान है कि यह बजट एक लाख करोड़ रुपये से अधिक का होगा, जिसमें महिला, युवा, गरीब, किसान और अवस्थापना विकास पर विशेष फोकस रहेगा।

बजट सत्र की एक खास बात यह है कि पहली बार इसे ई-विधानसभा के रूप में संचालित किया जाएगा। इसके तहत विधानसभा सचिवालय ने सभी विधायकों के बैठने की जगह पर टैबलेट लगाए हैं, जिनके माध्यम से वे सदन की कार्यवाही से संबंधित दस्तावेज और प्रश्नों की जानकारी प्राप्त करेंगे।

इस सत्र में प्रदेश सरकार दो विधेयक और तीन अध्यादेश भी पेश करेगी। इनमें उत्तराखंड नगर निकायों एवं प्राधिकरणों के लिए विशेष प्रावधान (संशोधन) विधेयक 2025 और उत्तराखंड निक्षेपक जमाकर्ता हित संरक्षण (वित्तीय अधिष्ठानों में) निरसन विधेयक 2025 शामिल हैं। वहीं, उत्तराखंड राज्य क्रीड़ा विश्वविद्यालय अध्यादेश-2024, उत्तराखंड नगर निकायों एवं प्राधिकरणों के लिए विशेष प्रावधान संशोधन अध्यादेश-2024 और उत्तराखंड (उत्तर प्रदेश नगर निगम अधिनियम 1959) द्वितीय संशोधन अध्यादेश-2024 सदन में पेश किए जाएंगे।

विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने सभी दलों से सत्र की कार्यवाही शांतिपूर्ण और गरिमामय ढंग से संचालित करने में सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि राज्य के विकास और जनहित के मुद्दों पर अधिक से अधिक चर्चा हो। संसदीय कार्य मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि सरकार विपक्ष के हर सवाल का जवाब देने के लिए तैयार है, हालांकि सत्र की अवधि सीमित है, इसलिए इसी दौरान पूरा काम निपटाने का प्रयास किया जाएगा।

बजट सत्र के दौरान विधानसभा परिसर और उसके आसपास कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। विधानसभा सचिवालय ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं, जिससे सत्र का संचालन सुचारू रूप से हो सके।

For latest news updates click here 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *