Uttarakhand: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज लाखामंडल स्थित प्राचीन शिव मंदिर पहुंचे, जहां उनका स्थानीय जनता ने भव्य स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने भगवान शिव की आराधना करते हुए प्रदेश में शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
इसके बाद जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड तेज़ी से निर्णायक कदम उठा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सख्त कानून लागू किए गए हैं और राज्य सरकार उत्तराखण्ड की डेमोग्राफी, सांस्कृतिक पहचान और पारंपरिक मूल्यों की रक्षा के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में सांस्कृतिक पुनर्जागरण पर विशेष कार्य हो रहे हैं। हनोल मंदिर के लिए 120 करोड़ रुपये की लागत से विशेष मास्टर प्लान तैयार किया जा रहा है, जिसके माध्यम से इस पौराणिक स्थल का संरक्षण एवं विकास किया जाएगा।
सीएम धामी ने कहा कि लाखामंडल की जनता का स्नेह और स्वागत भावुक कर देने वाला है। उन्होंने क्षेत्र की 16 सूत्रीय मांग पत्र का परीक्षण कर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में विधायक दुर्गेश्वर लाल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।


Chief Editor, Aaj Khabar
