Headlines

Roorkee: रुड़की सिविल अस्पताल में रिश्वतखोरी का भंडाफोड़, विजिलेंस ने डॉक्टर को रंगेहाथ दबोचा

Roorkee: रुड़की सिविल अस्पताल में रिश्वतखोरी का भंडाफोड़, विजिलेंस ने डॉक्टर को रंगेहाथ दबोचा
शेयर करे-

Roorkee: सिविल अस्पताल रुड़की में तैनात एक चिकित्सक को देहरादून से आई विजिलेंस टीम ने शनिवार देर रात रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी डॉक्टर पर मारपीट के एक मामले में घायल व्यक्ति की सप्लीमेंट्री मेडिकल रिपोर्ट बनाने के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप है।

जानकारी के अनुसार, सिविल अस्पताल रुड़की में तैनात डॉ. आभास सिंह ने पीड़ित से रिपोर्ट तैयार करने के एवज में 40 हजार रुपये की मांग की थी। इससे परेशान होकर पीड़ित ने देहरादून पहुंचकर विजिलेंस विभाग में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के सत्यापन के बाद विजिलेंस टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई।

शनिवार रात करीब 10 बजे शिकायतकर्ता को केमिकल लगे 20 हजार रुपये दिए गए। तय योजना के अनुसार चिकित्सक ने शिकायतकर्ता को ब्लड बैंक के समीप बुलाया। इसके बाद दोनों चिकित्सक के आवास की ओर गए। जैसे ही डॉ. आभास सिंह ने शिकायतकर्ता से रुपये लिए, पहले से सतर्क विजिलेंस टीम ने मौके पर पहुंचकर उन्हें रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस टीम ने चिकित्सक के आवास पर तलाशी ली। इसके पश्चात आरोपी डॉक्टर को पूछताछ के लिए देहरादून ले जाया गया। बताया जा रहा है कि डॉ. आभास सिंह का कुछ दिन पहले ही मसूरी अस्पताल से रुड़की सिविल अस्पताल में स्थानांतरण हुआ था। उनकी पत्नी भी चिकित्सक हैं और उनका स्थानांतरण भी साथ ही रुड़की किया गया है।

घटना के बाद सिविल अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। विजिलेंस विभाग की ओर से मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *