Headlines

Haridwar: डोईवाला में भंडारे के पंडाल में घुसे दो हाथी, एक व्यक्ति को पटककर गड्ढे में फेंका, मची अफरा-तफरी

Haridwar: डोईवाला में भंडारे के पंडाल में घुसे दो हाथी, एक व्यक्ति को पटककर गड्ढे में फेंका, मची अफरा-तफरी
शेयर करे-

Haridwar: देहरादून और हरिद्वार जिलों में राजाजी नेशनल पार्क से लगे क्षेत्रों में वन्यजीवों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार शाम डोईवाला में मनि माई मंदिर के पास भंडारे की तैयारी के दौरान दो जंगली हाथियों ने अचानक पंडाल में प्रवेश कर दिया और जमकर उत्पात मचाया। हाथियों को देखकर कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

घटना के दौरान एक हाथी ने एक व्यक्ति को पटककर गड्ढे में फेंक दिया। बताया गया कि घायल व्यक्ति की पहचान संजय के रूप में हुई है, जो सिद्धपुरम हर्रावाला का निवासी है। घटना के समय डीजे की तेज आवाज के कारण घायल की चीखें किसी को सुनाई नहीं दीं। बाद में एक राहगीर की नजर उस पर पड़ी और उसने तुरंत स्थानीय सभासद मनीष धीमान को सूचना दी।

मनीष धीमान ने तत्काल पुलिस और 108 एंबुलेंस सेवा को कॉल किया, जिसके बाद घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल उसका इलाज चल रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाथियों ने करीब एक घंटे तक इलाके में आतंक मचाया। इस दौरान एक हाथी ने एक ट्राली को भी पलट दिया, हालांकि उसमें सवार व्यक्ति की जान बच गई।

स्थानीय लोग लगातार बढ़ रहे वन्यजीव संघर्ष से परेशान हैं। राजाजी नेशनल पार्क से लगे रिहायशी इलाकों में हाथी, गुलदार और तेंदुए जैसे जानवर अक्सर खेतों और घरों में घुस आते हैं, जिससे जनहानि और फसल नुकसान की घटनाएं आम हो गई हैं। देहरादून-ऋषिकेश हाईवे पर भी हाथियों के झुंड के कारण अक्सर ट्रैफिक रोका जाता है और सड़क हादसे होते हैं।

इन घटनाओं ने एक बार फिर से वन विभाग और प्रशासन की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने वन्यजीवों के आतंक पर शीघ्र नियंत्रण की मांग की है।

For latest news updates click here

For English news updates click here   

Pal ad

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *