Bazpur: उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और औषधि प्रशासन विभाग की संयुक्त टीम ने उधम सिंह नगर के बाजपुर में बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली एलोपैथिक दवाइयों के एक बड़े सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। छापेमारी के दौरान लाखों रुपये की नकली जीवनरक्षक दवाइयां, पैकेजिंग मशीनें, भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब और आबकारी विभाग के होलोग्राम बरामद किए गए। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि पूरे नेटवर्क की जांच जारी है।
एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में कुमाऊं यूनिट और औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने 18 जुलाई की शाम बाजपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित कोविल बायोटेक पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान बुलंदशहर (उत्तर प्रदेश) निवासी धीरेंद्र पुत्र ब्रहम सिंह को गिरफ्तार किया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी बिना वैध औषधि निर्माण लाइसेंस के आयुर्वेदिक एवं फूड लाइसेंस की आड़ में प्रतिष्ठित दवा कंपनियों के नाम से नकली एलोपैथिक दवाइयों का निर्माण और पैकेजिंग कर बाजार में सप्लाई कर रहा था।
एसटीएफ के अनुसार फैक्ट्री में अम्लता, एंटीबायोटिक, दर्द एवं सूजन, नसों के दर्द, प्रोस्टेट संबंधी बीमारियों, कैल्शियम, विटामिन और रक्तवर्धक दवाओं के नाम पर नकली उत्पाद तैयार किए जा रहे थे। छापेमारी में करीब एक लाख टैबलेट और 15 हजार सिरप की बोतलें बरामद हुईं, जो लोगों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकती थीं।
आरोपी की निशानदेही पर एनएच-74 स्थित गोदाम की तलाशी में बड़ी मात्रा में तैयार नकली दवाइयां, पैकिंग सामग्री, अवैध अंग्रेजी शराब, हजारों खाली शराब की बोतलें, ढक्कन, रैपर और उत्तराखंड आबकारी विभाग के होलोग्राम व सील भी बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपी ने हरियाणा से अवैध शराब मंगाकर उत्तराखंड में सप्लाई करने की बात भी स्वीकार की है।
फैक्ट्री से दवाइयों के निर्माण में प्रयुक्त एसएस टैंक, फिलिंग मशीन, सीलिंग मशीन, लेबलिंग मशीन समेत कई पैकेजिंग उपकरण भी जब्त किए गए हैं।
मामले में थाना बाजपुर में औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940 तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं अवैध शराब की बरामदगी के संबंध में उत्तराखंड आबकारी अधिनियम के तहत अलग से कार्रवाई की जा रही है।
एसटीएफ ने कहा कि जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पूरे गिरोह, सप्लाई नेटवर्क और अन्य आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Chief Editor, Aaj Khabar
