Uttarakhand: हरिद्वार-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में मोटरसाइकिल सवार रुड़की निवासी महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति बाल-बाल बच गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, रुड़की निवासी सुभाष और उनकी पत्नी संतोष ज्वालापुर में शादी का कार्ड देकर मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। किसान ढाबे के पास अचानक मोटरसाइकिल का संतुलन बिगड़ने से संतोष सड़क पर गिर गईं और सामने से आ रहे ट्रक की चपेट में आ गईं। ट्रक के पिछले पहिए से कुचलने के कारण महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अंकुर शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर चालक की तलाश शुरू कर दी है।

Chief Editor, Aaj Khabar
