Uttarakhand: उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के सितारगंज में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। हादसा सितारगंज-टनकपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बिडोरा मझोला बाजार स्थित हनुमान मंदिर के पास हुआ, जहां टैक्सी कार और बाइक की आमने-सामने की भीषण टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। हादसे के बाद टैक्सी कार चालक मौके से फरार हो गया, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 8:30 बजे तेज रफ्तार टैक्सी कार और बाइक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों में आग लग गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल दोनों घायल युवकों को सड़क से हटाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और पुलिस व 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी।
घायलों को उपजिला चिकित्सालय सितारगंज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरे युवक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। फायर कर्मियों ने दोनों वाहनों में लगी आग पर काबू पाया।
फिलहाल पुलिस मृतकों की शिनाख्त के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और उनके परिजनों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि टैक्सी कार सीएनजी से संचालित थी और प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण यही माना जा रहा है। पुलिस फरार चालक की तलाश के साथ दुर्घटना के कारणों की भी जांच कर रही है।

Chief Editor, Aaj Khabar
