Headlines

Uttarakhand: उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा परिणाम घोषित, बेटियों का जलवा बरकरार, हाईस्कूल में 92.10% और इंटर में 85.11% परिणाम

Uttarakhand: उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा परिणाम घोषित, बेटियों का जलवा बरकरार, हाईस्कूल में 92.10% और इंटर में 85.11% परिणाम
शेयर करे-

Uttarakhand: उत्तराखंड बोर्ड ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 के परिणाम घोषित कर दिए हैं। इस वर्ष भी छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बाजी मारी है। हाईस्कूल का कुल परिणाम 92.10 प्रतिशत रहा, जिसमें बालिकाओं का उत्तीर्ण प्रतिशत 96.07 और बालकों का 88.03 दर्ज किया गया। वहीं इंटरमीडिएट का कुल परिणाम 85.11 प्रतिशत रहा, जिसमें बालिकाओं का 88.09 और बालकों का 81.93 प्रतिशत रहा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने सफल छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए असफल विद्यार्थियों को निराश न होकर दोबारा मेहनत करने की प्रेरणा दी।

हाईस्कूल टॉपर्स में अक्षत गोपाल ने 500 में से 491 अंक (98.20%) हासिल कर प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया। ईशान कोठारी और भूमिका पांडे ने 490 अंक (98%) के साथ संयुक्त रूप से दूसरा स्थान हासिल किया। भूमिका पांडे ने बालिकाओं में शीर्ष स्थान प्राप्त कर विशेष उपलब्धि हासिल की। योगेश जोशी ने 489 अंक (97.80%) के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया।

जनपद बागेश्वर ने हाईस्कूल में 96.98 प्रतिशत परिणाम के साथ प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया। कुल 1,08,983 परीक्षार्थियों में से 1,00,373 छात्र-छात्राएं सफल रहे।

इंटरमीडिएट में गीतिका पंत और सुशीला मेहंदीरत्ता ने 490 अंक (98%) के साथ संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया। आर्यन ने 489 अंक (97.80%) के साथ दूसरा स्थान और वंशिका ने 485 अंक (97%) के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया।

इंटरमीडिएट में भी बागेश्वर जिला 94.81 प्रतिशत परिणाम के साथ प्रदेश में अव्वल रहा। इस परीक्षा में 1,00,452 छात्र-छात्राएं शामिल हुए, जिनमें से 85,499 सफल रहे। इस वर्ष इंटर का परिणाम पिछले साल की तुलना में 1.88 प्रतिशत बेहतर रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *