० प्रशासन ने कहा अतिक्रमण पर नहीं होगी कोई ढिलाई
Rudrapur: उत्तराखंड में अतिक्रमण के खिलाफ जारी अभियान के तहत उधम सिंह नगर जिले के किच्छा क्षेत्र में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रेलवे भूमि पर बनी एक अवैध मजार को हटा दिया। किच्छा-पंतनगर हाईवे पर एम्स के पास स्थित इस अवैध संरचना को शनिवार तड़के जिला प्रशासन और भारतीय रेलवे की संयुक्त टीम ने बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा, जिससे पूरे अभियान को शांतिपूर्ण ढंग से अंजाम दिया जा सका।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इज्जतनगर रेलवे प्रशासन द्वारा मजार प्रबंधकों को पहले ही कई बार नोटिस जारी किए गए थे। 26 मई 2023 और 18 सितंबर 2025 को जारी नोटिसों में संबंधित पक्ष से भूमि के वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया था, लेकिन मजार प्रबंधन की ओर से न तो कोई दस्तावेज उपलब्ध कराए गए और न ही निर्माण को हटाया गया।
इसके बाद रेलवे प्रशासन ने 25 अप्रैल 2026 को जिला प्रशासन को पत्र लिखकर कार्रवाई के दौरान सुरक्षा बल उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। जिलाधिकारी नितिन भदौरिया के निर्देश पर प्रशासन ने तत्काल योजना बनाते हुए तड़के अभियान चलाया और अवैध मजार को ध्वस्त कर दिया। अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय ने बताया कि कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार की संवेदनशील सामग्री या अवशेष नहीं मिले, जिससे पूरी प्रक्रिया बिना किसी विवाद के पूरी हुई।
प्रशासन के मुताबिक, यह अवैध निर्माण रेलवे की विस्तार योजना में बाधा बन रहा था, साथ ही बरेली-नैनीताल राज्य मार्ग के चौड़ीकरण कार्य में भी रुकावट पैदा कर रहा था। ऐसे में सार्वजनिक परियोजनाओं को ध्यान में रखते हुए इस कार्रवाई को आवश्यक बताया गया।
राज्य सरकार ने अतिक्रमण के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए अब तक प्रदेश में 582 से अधिक अवैध संरचनाओं को हटाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्पष्ट किया है कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।
स्थानीय प्रशासन ने साफ किया है कि भविष्य में भी जहां-जहां सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे पाए जाएंगे, वहां सख्ती से अभियान चलाकर उन्हें हटाया जाएगा। फिलहाल, कार्रवाई के बाद क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और प्रशासन लगातार निगरानी बनाए हुए है।

Chief Editor, Aaj Khabar
