Pantnagar: उधम सिंह नगर के पंतनगर सिडकुल क्षेत्र में स्थित वी-गार्ड कंपनी के बाहर चल रहा श्रमिकों का धरना शनिवार को अचानक उग्र हो गया। कई दिनों से अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे श्रमिकों और प्रशासन के बीच टकराव की स्थिति बन गई, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।
मौके पर स्थिति को संभालने के लिए तहसीलदार दिनेश कुटेला और सिडकुल चौकी प्रभारी सुरेंद्र सिंह बिष्ट पुलिस बल के साथ पहुंचे। प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों को कंपनी परिसर से हटाने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान हालात बिगड़ गए। पुलिस द्वारा हल्का बल प्रयोग किए जाने की बात सामने आई, जिसके बाद अफरा-तफरी मच गई।
श्रमिकों का आरोप है कि पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जिससे कई लोग घायल हो गए और कुछ बेहोश हो गए। बेहोश होने वालों में महिला श्रमिक भी शामिल हैं। घायल श्रमिकों को तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जबकि कुछ को मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया।
घटना के बाद क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश जारी है। एंबुलेंस भी मौके पर पहुंची, हालांकि कई श्रमिकों ने अस्पताल जाने से इनकार कर दिया, जिससे हालात और जटिल हो गए।
श्रमिकों की मांगों में समय पर बोनस, बेहतर भोजन व्यवस्था और वेतन बढ़ाकर 20 हजार रुपये प्रतिमाह किए जाने की प्रमुख मांग शामिल है। सिडकुल क्षेत्र में वी-गार्ड के साथ-साथ अन्य कंपनियों के श्रमिक भी इन मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रशासन फिलहाल दोनों पक्षों के बीच बातचीत के जरिए समाधान निकालने का प्रयास कर रहा है।

Chief Editor, Aaj Khabar
