हल्द्वानी। उत्तराखंड राज्य खेल परिषद के अध्यक्ष कुलदीप सिंह बुटोला अपने कुमाऊँ दौरे के दौरान हल्द्वानी पहुंचे, जहां सर्किट हाउस में उप निदेशक खेल रसिका सिद्धिकी एवं खेल प्रशिक्षकों द्वारा उनका स्वागत किया गया।
सुबह उन्होंने गौलापार स्थित क्रिकेट स्टेडियम, अंतरराष्ट्रीय इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, हॉकी टर्फ, तरणताल और टेबल टेनिस कोर्ट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनकी गतिविधियों की जानकारी ली तथा खेल प्रशिक्षकों की समस्याएं भी सुनीं।
बुटोला ने कहा कि प्रशिक्षक किसी भी खिलाड़ी और खेल व्यवस्था की मजबूत नींव होते हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रशिक्षकों की समस्याओं को लेकर वे जल्द ही खेल सचिव और मुख्यमंत्री से वार्ता करेंगे तथा समाधान का प्रयास करेंगे।
उन्होंने 1 से 4 जून तक आयोजित होने वाली राष्ट्रीय यूथ मुए थाई चैंपियनशिप की तैयारियों का भी जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके अलावा उन्होंने शहर स्थित स्टेडियम का निरीक्षण कर विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारियों और खिलाड़ियों से भी संवाद किया। दौरे के दौरान उन्होंने जूजित्सु में स्वर्ण पदक जीतने वाली खिलाड़ी नव्या पांडे के घर पहुंचकर उन्हें और उनके परिवार को बधाई दी तथा शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर जिला क्रीड़ा अधिकारी निर्मला पंत, एशियन कोच एवं नेशनल मार्शल आर्ट गेम्स कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सतीश जोशी, पूर्व उप निदेशक खेल सुरेश पांडे, बॉक्सिंग एसोसिएशन सचिव गोपाल खोलिया, जूजित्सु इंडिया अध्यक्ष विनय जोशी, उप क्रीड़ा अधिकारी वरुण बेलवाल, फुटबॉल संघ सचिव अख्तर अली, शूटिंग एसोसिएशन सचिव पंकज कालकोटी, स्विमिंग एसोसिएशन सचिव सीमा मल्होत्रा सहित कई खिलाड़ी और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।


Chief Editor, Aaj Khabar
