Headlines

Almora: सल्ट के तड़म गांव में दहशत का अंत, दो ग्रामीणों की मौत के बाद संदिग्ध बाघ ट्रेंकुलाइज

Almora: सल्ट के तड़म गांव में दहशत का अंत, दो ग्रामीणों की मौत के बाद संदिग्ध बाघ ट्रेंकुलाइज
शेयर करे-

Almora: अल्मोड़ा जिले के सल्ट ब्लॉक के कॉर्बेट से सटे तड़म गांव में पिछले डेढ़ महीने से दहशत का पर्याय बने संदिग्ध बाघ को आखिरकार वन विभाग और कॉर्बेट प्रशासन की संयुक्त टीम ने ट्रेंकुलाइज कर रेस्क्यू कर लिया है। बाघ को उस इलाके से पकड़ा गया, जहां हाल ही में दूसरी दर्दनाक घटना हुई थी। अब वन विभाग इस बात की पुष्टि करने में जुटा है कि यही बाघ दोनों ग्रामीणों की मौत के लिए जिम्मेदार था या नहीं। इसके लिए बाघ के डीएनए सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं।

जानकारी के अनुसार 31 मार्च 2026 को तड़म गांव निवासी 60 वर्षीय खीम सिंह जंगल में लकड़ी लेने गए थे, जहां बाघ ने उन पर हमला कर दिया था। इस हमले में उनकी मौत हो गई थी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल बन गया था। इसके बाद 3 मई को गांव के ही 55 वर्षीय महिपाल सिंह पर भी बाघ ने हमला कर दिया। महिपाल सिंह घास लेकर घर लौट रहे थे और घर से कुछ दूरी पर ही बाघ ने उन पर हमला कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया।

लगातार दो ग्रामीणों की मौत के बाद गांव में भारी आक्रोश फैल गया था। ग्रामीणों की सुरक्षा को देखते हुए वन विभाग अल्मोड़ा ने मोहान सफारी पर्यटन जोन को अस्थायी रूप से बंद कर दिया था। साथ ही विभाग की टीम लगातार इलाके में कॉम्बिंग और सर्च अभियान चला रही थी।

कॉर्बेट पार्क के वरिष्ठ वन्यजीव चिकित्साधिकारी डॉ. दुष्यंत शर्मा ने बताया कि देर रात टीम ने तड़म गांव में अंतिम घटना स्थल से करीब डेढ़ किलोमीटर अंदर जंगल में बाघ को ट्रेंकुलाइज कर रेस्क्यू किया। उन्होंने बताया कि पकड़ा गया बाघ नर है और उसकी उम्र करीब 2 से ढाई वर्ष के बीच आंकी गई है।

फिलहाल बाघ पूरी तरह स्वस्थ दिखाई दे रहा है। डॉ. शर्मा के मुताबिक बाघ के डीएनए सैंपल जांच के लिए डब्ल्यूआईआई लैब भेजे जा रहे हैं, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि दोनों घटनाओं के पीछे यही बाघ जिम्मेदार था या नहीं। वहीं बाघ के ब्लड सैंपल और अन्य स्वास्थ्य जांचें ढेला रेस्क्यू सेंटर में की जाएंगी।

बता दें कि तड़म गांव में बाघ की दहशत के चलते स्कूल तक बंद कर दिए गए थे और ग्रामीण लंबे समय से भय के साये में जी रहे थे। बाघ के पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *