Headlines

New Delhi: NEET UG 2026 में 120 सवाल लीक होने का दावा, NTA ने परीक्षा रद्द की, CBI जांच शुरू

New Delhi: NEET UG 2026 में 120 सवाल लीक होने का दावा, NTA ने परीक्षा रद्द की, CBI जांच शुरू
शेयर करे-

० सीकर-जयपुर से 40 से ज्यादा संदिग्ध हिरासत में

New Delhi: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने देशभर में चर्चा का विषय बने NEET UG 2026 परीक्षा को पेपर लीक और गड़बड़ियों के आरोपों के बीच निरस्त करने की घोषणा कर दी है। अब इस पूरे मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंपी गई है। वहीं राजस्थान स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) की जांच में चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं।

एसओजी की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि एक कथित गेस पेपर के 410 सवालों में से करीब 120 सवाल वास्तविक परीक्षा प्रश्नपत्र से मेल खाते थे। इसके बाद जांच एजेंसियां सक्रिय हो गईं। एसओजी के एडीजी विशाल बंसल ने बताया कि इसी आधार पर मामले की जांच शुरू की गई है। हालांकि फिलहाल इस संबंध में कोई आधिकारिक एफआईआर दर्ज नहीं हुई है।

सूत्रों के मुताबिक, सीकर और जयपुर सहित कई स्थानों पर जांच एजेंसियों ने कार्रवाई करते हुए 40 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया है। इन लोगों से गेस पेपर, रकम के लेन-देन और संभावित पेपर लीक नेटवर्क को लेकर पूछताछ की जा रही है। हालांकि, हिरासत में लिए गए लोगों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है।

इधर NTA ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि 3 मई को आयोजित NEET UG 2026 परीक्षा को रद्द किया जाता है और दोबारा परीक्षा की नई तिथि जल्द घोषित की जाएगी। एजेंसी ने छात्रों के लिए हेल्पलाइन नंबर 011-40759000 और 011-69227700 जारी किए हैं। साथ ही neet-ug@nta.ac.in ईमेल आईडी पर भी संपर्क किया जा सकता है।

राजस्थान सरकार में मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने भी मामले पर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि सरकार ने संवेदनशीलता दिखाते हुए पेपर लीक की आशंका सामने आते ही परीक्षा रद्द कर दी और तत्काल CBI जांच के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि जो भी दोषी पाया जाएगा, चाहे वह किसी भी राज्य का हो, उसे कानून के तहत कड़ी सजा मिलेगी। उन्होंने विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि सरकार मामले को दबाने नहीं बल्कि पूरी पारदर्शिता से कार्रवाई करने में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *