Uttarakhand: उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 31 जनवरी से 2 फरवरी तक राज्य के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में भारी बर्फबारी, जबकि मैदानी और निचले इलाकों में तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है।
संभावित भारी बर्फबारी को देखते हुए कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने कुमाऊं मंडल के सभी जिलाधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बर्फ हटाने के लिए जेसीबी और अन्य आवश्यक मशीनरी को पहले से तैयार रखने को कहा है, ताकि बर्फबारी के दौरान बंद होने वाले मार्गों को तुरंत खोला जा सके और आवागमन बाधित न हो।
आयुक्त ने मोबाइल नेटवर्क और संचार व्यवस्था को 24×7 सुचारु रखने के निर्देश भी दिए हैं। उनका कहना है कि उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी के दौरान मार्ग बंद होना सबसे बड़ी चुनौती होती है, ऐसे में त्वरित कार्रवाई और बेहतर समन्वय बेहद जरूरी है।
भारी बारिश और बर्फबारी की आशंका के बीच आयुक्त दीपक रावत ने आम जनता से सुरक्षित ड्राइविंग की अपील की है। साथ ही पर्यटकों से भी सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और मौसम को देखते हुए सावधानी बरतने का आग्रह किया गया है, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।

Chief Editor, Aaj Khabar
