Headlines

Rudraprayag: भीषण बर्फबारी से केदारघाटी ठप, चार फीट बर्फ के बीच पुलिस और आईटीबीपी डटी

Rudraprayag: भीषण बर्फबारी से केदारघाटी ठप, चार फीट बर्फ के बीच पुलिस और आईटीबीपी डटी
शेयर करे-

Rudraprayag: जनपद रुद्रप्रयाग की संपूर्ण केदारघाटी समेत बाबा केदारनाथ धाम में बीते 24 घंटों से लगातार हो रही भारी बर्फबारी ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। धाम और आसपास के क्षेत्रों में कई फीट तक बर्फ जम गई है, जबकि तापमान शून्य से कई डिग्री नीचे चला गया है। इन कठिन हालातों के बावजूद रुद्रप्रयाग पुलिस और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के जवान सुरक्षा व्यवस्था में पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात हैं।

लगातार बर्फबारी के चलते केदारनाथ धाम तक पहुंचने वाले सभी पैदल मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गए हैं, जिससे आवागमन ठप हो गया है। केदार नगरी लगभग चार फीट मोटी बर्फ की चादर से ढक चुकी है और मंदिर प्रांगण में घुटनों तक बर्फ जमने से अत्यधिक ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। हालांकि, बर्फबारी के बाद धाम और आसपास की पहाड़ियां चांदी-सी चमक उठी हैं, जिससे प्राकृतिक सौंदर्य और अधिक निखर कर सामने आया है।

केदारनाथ धाम में तैनात पुलिस और आईटीबीपी के जवान भारी बर्फबारी के बीच मंदिर परिसर और संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी कर रहे हैं। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए जवान बर्फ में गश्त कर रहे हैं और मार्गों पर जमी बर्फ हटाने व व्यवस्थाओं को सुचारू रखने में जुटे हुए हैं। विषम भौगोलिक परिस्थितियों और कड़ाके की ठंड के बावजूद सुरक्षा बलों के मनोबल में कोई कमी नहीं है।

पुलिस और आईटीबीपी का संयुक्त दल किसी भी संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क है। संचार व्यवस्था और आपदा प्रबंधन उपकरणों को सुरक्षित रखा जा रहा है, साथ ही धाम में मौजूद सरकारी संपत्तियों और पुनर्निर्माण कार्यों के ढांचों की सुरक्षा भी सुनिश्चित की जा रही है। लगातार हो रही बर्फबारी के कारण उच्च हिमालयी क्षेत्रों में ठंड और अधिक बढ़ गई है, जिससे प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *