Ramgarh: लंबे समय से पुराने संविधान के चलते संगठन के कामकाज में आ रही व्यावहारिक दिक्कतों को देखते हुए नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (इंडिया) ने अब बड़े बदलाव की दिशा में कदम बढ़ा दिया है। रामगढ़ स्थित अमारी रिसॉर्ट में आयोजित राष्ट्रीय पदाधिकारियों और चुनाव आयोग के सदस्यों की महत्वपूर्ण बैठक में गहन मंथन के बाद संविधान संशोधन की प्रक्रिया शुरू करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में सर्वसम्मति से संविधान संशोधन कमेटी के गठन को मंजूरी दी गई। कमेटी का संयोजक उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष सुरेंद्र दुबे को बनाया गया है। समिति में राष्ट्रीय अध्यक्ष रासबिहारी, राष्ट्रीय महामंत्री प्रदीप तिवारी, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष अरविंद सिंह, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कमलकांत उपमन्यु सहित राकेश शर्मा, सीमा किरण, रामचंद्र कनौजिया और राजीव नैनम को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।
बैठक के दौरान संगठनात्मक ढांचे को अधिक प्रभावी और व्यावहारिक बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर सहमति बनी। इसमें राज्यों से मिलने वाली कोटा राशि बढ़ाने और जॉन व्यवस्था में आवश्यक संशोधन करने जैसे मुद्दे प्रमुख रहे।
इसके अलावा, संगठन से जुड़े न्यायिक प्रकरणों को ध्यान में रखते हुए यह प्रस्ताव भी रखा गया कि राष्ट्रीय परिषद के चुनाव से पहले नियमों में आवश्यक बदलाव कर अंतिम निर्णय संविधान संशोधन कमेटी को सौंपा जाए। इस प्रस्ताव को भी बैठक में स्वीकृति मिल गई।
संशोधन प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए कमेटी की पहली बैठक 4 और 5 मई को उत्तर प्रदेश के मथुरा में आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रस्तावित संशोधनों के प्रारूप पर विस्तार से चर्चा कर अंतिम रूप देने की दिशा में काम किया जाएगा।

Chief Editor, Aaj Khabar
