Headlines

Tehri: टिहरी में 984 फीट खाई में गिरी पिकअप, 8 की मौत; अंतिम संस्कार से लौट रहे थे सभी

Tehri: टिहरी में 984 फीट खाई में गिरी पिकअप, 8 की मौत; अंतिम संस्कार से लौट रहे थे सभी
शेयर करे-

Tehri: उत्तराखंड के टिहरी जिले में गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया। चंबा-कोटी मोटर मार्ग पर नैल के पास करीब 10 लोगों को लेकर जा रही एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर लगभग 984 फीट गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण दुर्घटना में 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि सभी लोग हरिद्वार में एक परिजन के अंतिम संस्कार में शामिल होकर लौट रहे थे। वापसी के दौरान यह हादसा हो गया, जिसने कई परिवारों की खुशियां पल भर में छीन लीं।

बताया जा रहा है कि हादसा शाम करीब 4:15 बजे हुआ, जब वाहन नैल क्षेत्र से गुजर रहा था। अचानक पिकअप वाहन बेकाबू हो गया और देखते ही देखते गहरी खाई में गिर गया। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीमें मौके पर पहुंचीं और दुर्गम क्षेत्र में तेजी से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकाला।

घायलों की पहचान अंकित (35) और उत्तम कुमार (30) के रूप में हुई है, जिन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

हादसे में जान गंवाने वाले 8 लोगों की पहचान फिलहाल नहीं हो पाई है। प्रशासन द्वारा पहचान की प्रक्रिया जारी है और परिजनों को सूचना दी जा रही है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस दुखद हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने घायलों के समुचित उपचार के निर्देश देते हुए बाबा केदार से उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।

प्रशासन की ओर से लगातार हालात पर नजर रखी जा रही है और यह खबर लगातार अपडेट की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *