Rudraprayag: मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज श्री केदारनाथ धाम में भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) हॉस्पिटल का विधिवत लोकार्पण किया। यह अस्पताल स्वामी विवेकानन्द हेल्थ मिशन सोसाइटी द्वारा संचालित किया जाएगा। उच्च हिमालयी क्षेत्र में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से सुसज्जित इस अस्पताल के शुरू होने से केदारनाथ यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों को बेहतर और त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार केदारनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों वाले इस क्षेत्र में आधुनिक अस्पताल का संचालन स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती प्रदान करेगा। यह अस्पताल यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के साथ-साथ स्थानीय लोगों के लिए भी अत्यंत लाभकारी साबित होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन द्वारा केदारनाथ यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। यात्रा मार्ग पर चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ, स्वास्थ्य जांच केंद्रों, ऑक्सीजन सुविधाओं एवं आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार “स्वस्थ उत्तराखण्ड, समृद्ध उत्तराखण्ड” के संकल्प को साकार करने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और सुधार के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि आयुष्मान योजना के अंतर्गत अब तक लगभग 61 लाख आयुष्मान कार्ड जारी किए जा चुके हैं, जिनके माध्यम से प्रदेश के लाखों मरीजों को नि:शुल्क उपचार का लाभ मिल रहा है। इसके साथ ही राज्य के प्रत्येक जनपद में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की दिशा में भी तेजी से कार्य किया जा रहा है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने बाबा केदार के दर्शन एवं पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की। उन्होंने कहा कि श्री केदारनाथ धाम केवल आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि सेवा एवं मानवता का भी प्रतीक है। सरकार इसी भावना के साथ देवभूमि में स्वास्थ्य सुविधाओं और जनसुविधाओं को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में विधायक केदारनाथ श्रीमती आशा नौटियाल ने कहा कि यह अस्पताल सेवा, समर्पण और जनकल्याण का उत्कृष्ट उदाहरण है। इस अवसर पर भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक श्री संजय खन्ना, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह-सरकार्यवाह डॉ. कृष्ण गोपाल, अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य श्री सुरेश सोनी, विश्व हिंदू परिषद के संरक्षक श्री दिनेश चंद्र, बद्री-केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष श्री हेमंत द्विवेदी, उपाध्यक्ष श्री विजय कप्रवान, श्री केदार सभा के अध्यक्ष पं. राजकुमार तिवारी, ब्लॉक प्रमुख ऊखीमठ श्री पंकज शुक्ला, जिला पंचायत सदस्य श्री अमित मेंखड़ी, महामंत्री श्री अंकित सेमवाल, श्री संजय तिवारी, जिला पंचायत सदस्य श्री सुबोध बगवाड़ी, श्री केशव बहुगुणा, जिलाधिकारी श्री विशाल मिश्रा, पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर, उप जिलाधिकारी कृष्णा त्रिपाठी, कर्नल अजय कोठियाल सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।


Chief Editor, Aaj Khabar
