Khatima: शुक्रवार देर रात हुई चाकूबाजी की घटना में एक युवक की मौत के बाद शनिवार को खटीमा में हालात तनावपूर्ण हो गए। घटना से आक्रोशित हिंदूवादी संगठनों ने रोडवेज बस स्टेशन पर प्रदर्शन किया। इस दौरान कुछ दुकानों को जबरन बंद कराया गया, तोड़फोड़ की गई और एक चाय की दुकान में आग लगा दी गई। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। एहतियातन पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे आश्रम पद्धति के पीछे रहने वाले 24 वर्षीय तुषार शर्मा पर गोटिया इस्लामनगर क्षेत्र के कुछ युवकों ने चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल तुषार को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। हमले में उसके दो साथी—सलमान (निवासी पकड़िया) और अभय (निवासी वाल्मीकि बस्ती)—भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका इलाज जारी है।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। उनकी तलाश में पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, हालांकि अभी तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है।
युवक की मौत की खबर फैलते ही शनिवार सुबह बड़ी संख्या में लोग रोडवेज बस स्टेशन पहुंचे और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन के दौरान कुछ दुकानों को बंद कराया गया और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आईं। जिस चाय की दुकान में आग लगाई गई, वह मुख्य आरोपी के पिता की बताई जा रही है।
हालात काबू से बाहर होते देख क्षेत्राधिकारी विमल रावत, वरिष्ठ उप निरीक्षक ललित मोहन रावल, उप निरीक्षक किशोर पंत सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जिसके बाद स्थिति नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया गया। दमकल विभाग की टीम ने आग पर काबू पाया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

Chief Editor, Aaj Khabar
