Haridwar Kumbh 2027 Uttarakhand Government
Headlines

Kashipur: जमीन सौदे के नाम पर 1.15 करोड़ की ठगी, दो प्रॉपर्टी डीलरों पर मुकदमा दर्ज

Kashipur: जमीन सौदे के नाम पर 1.15 करोड़ की ठगी, दो प्रॉपर्टी डीलरों पर मुकदमा दर्ज
शेयर करे-

Kashipur: जमीन बेचने के नाम पर 1.15 करोड़ रुपये की ठगी का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित ने दो प्रॉपर्टी डीलरों पर 10 एकड़ कृषि भूमि का सौदा तय कर रकम हड़पने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

आईटीआई थाना क्षेत्र के जसपुर खुर्द स्थित कृष्णा विला कॉलोनी, शगुन गार्डन के निकट निवासी अक्षय भल्ला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि ग्राम सांडखेड़ा निवासी प्रॉपर्टी डीलर जगजीत सिंह और लवजीत सिंह ने एक दिसंबर 2020 को उसे ग्राम जैतपुर घोसी में 10 एकड़ कृषि भूमि दिखाई और स्वयं को उसका मालिक बताया। दोनों के कथनों पर भरोसा कर अक्षय भल्ला ने 40 लाख रुपये प्रति एकड़ की दर से जमीन का सौदा तय कर लिया।

पीड़ित के अनुसार, बयाना और भुगतान के रूप में उसने अलग-अलग तिथियों में कुल 1 करोड़ 15 लाख रुपये आरोपियों को दिए। पांच नवंबर 2020 को 20 लाख रुपये और 11 नवंबर 2020 को 14 लाख रुपये केनरा बैंक खाते से जगजीत सिंह के आईसीआईसीआई बैंक खाते में ट्रांसफर किए गए। इसके अलावा, तीन दिसंबर 2020 को पांच लाख रुपये और सात दिसंबर 2020 को 10 लाख रुपये उसकी फर्म गजराज ट्रैवल्स रिसॉर्ट्स के बैंक ऑफ बड़ौदा खाते से दिए गए। 19 दिसंबर 2020 को उसकी ताई सीमा रानी के खाते से छह लाख रुपये का चेक लवजीत सिंह को दिया गया। इसके साथ ही लगभग 60 लाख रुपये नकद भी दोनों को सौंपे गए। आरोपियों ने भरोसा दिलाया था कि तीन वर्ष के भीतर जमीन की रजिस्ट्री पीड़ित के नाम करा दी जाएगी।

अक्षय भल्ला ने बताया कि दिसंबर 2024 में उसे जानकारी मिली कि जिस जमीन को आरोपी अपनी बता रहे थे, उसका मालिक कोई अन्य व्यक्ति है। ऑनलाइन खतौनी की जांच में भी स्पष्ट हो गया कि उक्त भूमि से जगजीत और लवजीत का कोई संबंध नहीं है। रुपये वापस मांगने पर पता चला कि लवजीत सिंह रकम लेकर कनाडा चला गया है। वहीं, जगजीत सिंह से रकम मांगने पर उसने अभद्रता की और कार्रवाई करने पर जान से मारने की धमकी दी।

आईटीआई थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *