Uttarakhand: उत्तराखंड में आगामी मानसून सीजन को देखते हुए मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सभी विभागों और जिलों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सख्त निर्देश जारी किए हैं। सचिवालय में आयोजित बैठक में उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान आम जनता को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और सभी विभाग 24×7 अलर्ट मोड पर कार्य करें। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को मानसून शुरू होने से पहले सभी सड़कों को गड्ढामुक्त करने और क्षतिग्रस्त मार्गों की मरम्मत पूरी करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने बिजली, पेयजल, शहरी विकास और नगर निकायों को भी आवश्यक तैयारियां समय से पूरी करने को कहा। उन्होंने नालों-नालियों की सफाई, जलभराव रोकने, नदी-नालों के प्राकृतिक प्रवाह को बनाए रखने और अतिक्रमण हटाने पर विशेष जोर दिया। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में जेसीबी मशीनों और बैली ब्रिज की अग्रिम तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में वीसी के माध्यम से जुड़े कुमाऊं आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने कुमाऊं मंडल के लिए अतिरिक्त बैली ब्रिज उपलब्ध कराने की मांग रखी, जिस पर मुख्य सचिव ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल ने गौला और नंधौर नदी में भू-कटाव रोकने के लिए ड्रेजिंग कार्य हेतु भेजे गए 5 करोड़ रुपये के प्रस्ताव पर शीघ्र धनराशि जारी करने का अनुरोध किया, जिस पर भी तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

Chief Editor, Aaj Khabar
