Uttarakhand: उत्तराखंड में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एस0ओ0टी0एफ0 कुमायूँ और पुलभट्टा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ऊधमसिंहनगर के सिरौली कला क्षेत्र से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 16.560 किलोग्राम डोडा, एक देशी तमंचा, 315 बोर के 10 जिंदा कारतूस और एक बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार वाहन चेकिंग अभियान के दौरान सिरौली कला के पास संदिग्ध गतिविधि मिलने पर आरोपी को पकड़ा गया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान आकिब पुत्र मुख्तायर अहमद निवासी वार्ड नम्बर 06, सिरौली कला, किच्छा, जनपद ऊधमसिंहनगर के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना पुलभट्टा में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में अब नशे के नेटवर्क और अवैध हथियार सप्लाई की कड़ियों को खंगाला जा रहा है।
पुलिस महानिरीक्षक कुमायूँ रिद्धिम अग्रवाल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर को निर्देश दिए हैं कि आरोपी से गहन पूछताछ कर यह पता लगाया जाए कि डोडा और अवैध हथियारों की सप्लाई कहां से हो रही थी और किन क्षेत्रों में इसकी तस्करी की जा रही थी। साथ ही पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
कुमायूँ पुलिस के अनुसार पिछले आठ महीनों में एस0ओ0टी0एफ0 द्वारा नशे के खिलाफ चलाए गए अभियान में 794 नशीले इंजेक्शन और 44,170 नशीली गोलियां एवं कैप्सूल बरामद किए जा चुके हैं। पुलिस का कहना है कि “ड्रग्स फ्री उत्तराखण्ड” अभियान के तहत आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Chief Editor, Aaj Khabar
