pithoragarh: भारत–नेपाल सीमा से सटे पिथौरागढ़ जिले के झूलाघाट क्षेत्र के पास नेपाल के बैतड़ी में गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बारातियों को लेकर जा रही एक बस अनियंत्रित होकर लगभग 150 मीटर गहरी खाई में गिर गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में 13 बारातियों की मौत हो गई, जबकि 34 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। कई घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस बैतड़ी के पुरचूणी नगरपालिका-7 भवने गांव से दुल्हन को लेकर बजांग जिले के सुनकुडा जा रही थी। गुरुवार देर रात पुरचूणी के बड़गांव मोड़ पर बस अचानक अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत रेस्क्यू शुरू कर घायलों को नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया।
प्रहरी प्रवक्ता निरीक्षक बलदेव बडू ने बताया कि दुर्घटना में 6 बारातियों की मौके पर ही मौत हो गई थी। इसके बाद 5 घायलों ने डडेलधुरा अस्पताल में और 2 ने कोटिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घायलों का डडेलधुरा अस्पताल में उपचार चल रहा है, जबकि गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए धनगढ़ी रेफर किया गया है।
हादसे में बस चालक कंचनपुर के भीमदत्त नगरपालिका-7 निवासी विरेंद्र बुढा को मामूली चोटें आई हैं। प्रहरी ने बस चालक को अपने नियंत्रण में ले लिया है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण बस का ओवरलोड होना बताया जा रहा है। बताया गया कि अधिक भार के कारण बस चढ़ाई में संतुलन नहीं बना सकी और दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
हादसे में जान गंवाने वालों में बजांग जिले के विभिन्न गांवों के निवासी शामिल हैं, जबकि कई महिलाएं भी मृतकों में बताई जा रही हैं। पूरे क्षेत्र में इस घटना के बाद शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Chief Editor, Aaj Khabar
