Ramnagar: नैनीताल जनपद के रामनगर क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नेशनल हाईवे-309 पर रामनगर से आगे रिंगोड़ा के पास पिकअप वाहन और कार की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार युवक-युवती गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों की पहचान बरेली स्थित रुहेलखंड मेडिकल कॉलेज के एनेस्थेजिया विभाग के पीजीजेआर सेकंड ईयर के छात्र-छात्रा डॉ. प्रस्तुति और डॉ. अभिषेक के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार दोनों डॉक्टर गर्जिया की ओर जा रहे थे, तभी रिंगोड़ा के पास सामने से आ रहे पिकअप वाहन से उनकी कार की टक्कर हो गई। टक्कर के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों डॉक्टर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय स्तर पर बंजी जंपिंग में कार्यरत युवाओं ने तत्परता दिखाते हुए घायलों की मदद की और बिना देरी किए दोनों को अपने निजी वाहन से रामनगर स्थित रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया।
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के दौरान रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय के चिकित्सक डॉ. तौहिद ने बताया कि दुर्घटना सुबह करीब सात बजे हुई थी और साढ़े सात बजे दोनों घायल अस्पताल लाए गए। महिला डॉक्टर डॉ. प्रस्तुति के सिर और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं, सिर की हड्डियां तक दिखाई दे रही थीं, जिन पर टांके लगाए गए। वहीं डॉ. अभिषेक के पैरों और कूल्हे में गंभीर चोटें दर्ज की गई हैं।
चिकित्सकों ने घायलों की हालत गंभीर देखते हुए और उनके आग्रह पर बेहतर उपचार के लिए दोनों को रुहेलखंड मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। एंबुलेंस के माध्यम से दोनों को बरेली भेजा गया है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Chief Editor, Aaj Khabar
