Uttarakhand: उत्तराखंड में भीषण गर्मी और उमस से जूझ रहे लोगों को सोमवार को बड़ी राहत मिली। देहरादून समेत प्रदेश के कई जिलों में हुई हल्की से मध्यम बारिश और ठंडी हवाओं के चलते मौसम सुहावना हो गया। तापमान में गिरावट दर्ज होने से लोगों ने राहत की सांस ली। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान भी कई जिलों में बारिश, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।
पिछले एक सप्ताह से प्रदेश में लगातार बढ़ते तापमान और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी थी। खासकर मैदानी क्षेत्रों में दिन की तेज गर्मी और रात की उमस से जनजीवन प्रभावित हो रहा था। सोमवार सुबह से राजधानी देहरादून सहित कई जिलों में बादल छाने लगे और हल्की बारिश का दौर शुरू हुआ, जिससे मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया।
देहरादून के अलावा टिहरी, उत्तरकाशी, चमोली, बागेश्वर और अल्मोड़ा के कई हिस्सों में भी बारिश दर्ज की गई। राजधानी में कुछ समय के लिए तेज बारिश हुई, जबकि अन्य स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और ठंडी हवाओं ने मौसम को खुशनुमा बना दिया।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले 24 घंटों में देहरादून, नैनीताल और बागेश्वर सहित कई जिलों में कहीं-कहीं तेज बारिश हो सकती है। पर्वतीय क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। वहीं उधम सिंह नगर और हरिद्वार में भी हल्की बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसे देखते हुए संबंधित जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है। विशेष रूप से पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन, सड़क बाधित होने और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। विभाग के अनुसार प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां सक्रिय हो चुकी हैं और इसी सप्ताह दक्षिण-पश्चिम मानसून की औपचारिक दस्तक भी हो सकती है। अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है।

Chief Editor, Aaj Khabar
