Dehradun: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने स्पष्ट किया है कि पार्टी में विधानसभा टिकट सहित किसी भी दावेदारी के लिए योग्य, समर्पित और संगठन के प्रति निष्ठावान कार्यकर्ताओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती है। उन्होंने कहा कि टिकट की दावेदारी को लेकर सार्वजनिक मंचों या सोशल मीडिया पर बयानबाज़ी करना पार्टी की अनुशासन व्यवस्था के अनुरूप नहीं है।
महेंद्र भट्ट ने कहा कि यदि किसी कार्यकर्ता की कोई इच्छा, दावेदारी या सुझाव है तो उसे संगठन के निर्धारित मंच और उचित समय पर आंतरिक रूप से रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में चुनाव लड़ने की महत्वाकांक्षा स्वाभाविक है, लेकिन उसके लिए पार्टी की तय प्रक्रिया और अनुशासन का पालन करना सभी के लिए आवश्यक है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हाल के दिनों में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर मीडिया और सोशल मीडिया पर सामने आ रही दावेदारी संबंधी खबरों से राज्य और केंद्रीय नेतृत्व दोनों नाराज़ हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं को याद दिलाया कि भाजपा राष्ट्र प्रथम, संगठन द्वितीय और व्यक्ति अंतिम की विचारधारा पर चलने वाला विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन है।
उन्होंने कहा कि भाजपा प्रत्येक कार्यकर्ता का सम्मान करती है और टिकट का निर्णय केंद्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन में योग्यता, समर्पण और संगठनात्मक प्रक्रिया के आधार पर उचित समय पर लिया जाता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा से ऊपर उठकर संगठन की मर्यादा और अनुशासन को सर्वोच्च रखने की अपील की।
महेंद्र भट्ट ने चेतावनी देते हुए कहा कि पार्टी अनुशासन के विरुद्ध जाने वालों के खिलाफ संगठन आवश्यक होने पर कड़ी कार्रवाई करने से भी पीछे नहीं हटेगा। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं की प्राथमिकता व्यक्तिगत प्रचार नहीं, बल्कि संगठन को मजबूत बनाकर आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक विजय सुनिश्चित करना होना चाहिए।

Chief Editor, Aaj Khabar
