Uttarakhand: ऊधमसिंह नगर के काशीपुर शहर में गुरुवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में एक छात्र की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा बाजपुर रोड स्थित परमानंदपुर के पास हुआ, जहां सब्जियों से भरी एक तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक सवार तीन छात्रों को टक्कर मार दी।
जानकारी के अनुसार, 16 वर्षीय शिवम पुत्र मनोज निवासी मुस्कामपुर परमानंदपुर अपने साथियों अक्षय और वासु के साथ बाइक से पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज बरखेड़ी पढ़ने जा रहा था। शिवम और अक्षय कक्षा 10 के छात्र थे, जबकि वासु कक्षा 11 में अध्ययनरत है।
बताया जा रहा है कि परमानंदपुर के पास सब्जियों से भरी पिकअप ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चला रहे शिवम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अक्षय और वासु गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल काशीपुर में भर्ती कराया गया है।
सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि हादसे के बाद पिकअप चालक को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस मामले में वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Chief Editor, Aaj Khabar
