Tehri: उत्तराखंड के टिहरी में चार दिवसीय टिहरी झील महोत्सव का भव्य आगाज हो गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कोटी कॉलोनी पहुंचकर महोत्सव का औपचारिक उद्घाटन किया। 6 मार्च से 9 मार्च तक आयोजित होने वाला यह लेक फेस्टिवल राज्य में पर्यटन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।
महोत्सव के सफल आयोजन के लिए उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद और जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। इस दौरान टिहरी झील और आसपास के क्षेत्रों में रोमांचक गतिविधियों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भरमार रहेगी।
चार दिनों तक चलने वाले इस फेस्टिवल में ट्रैकिंग, माउंटेन बाइकिंग, रॉक क्लाइंबिंग और राफ्टिंग जैसी साहसिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही स्थानीय संस्कृति और प्रतिभाओं को मंच देने के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम, मास्टर शेफ प्रतियोगिता, फैशन शो और फोटोग्राफी प्रतियोगिता जैसी गतिविधियां भी आयोजित होंगी।
महोत्सव का मुख्य उद्देश्य टिहरी जिले को एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में स्थापित करना और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करना है।
महोत्सव के दौरान प्रतिभागियों को आकर्षक पुरस्कार जीतने का भी मौका मिलेगा। विभिन्न प्रतियोगिताओं जैसे मास्टर शेफ, फोटोग्राफी, पेंटिंग, सोशल मीडिया रील, ग्रुप फैशन शो, मिस्टर एंड मिस टिहरी, राफ्टिंग और रैप सिंगिंग में प्रतिभागी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
इन प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को एक लाख रुपये तक का पुरस्कार दिया जाएगा। वहीं द्वितीय स्थान के विजेता को 50 हजार रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 25 हजार रुपये का पुरस्कार मिलेगा। इसके अलावा दस प्रतिभागियों को पांच-पांच हजार रुपये के सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।

Chief Editor, Aaj Khabar
